फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ की रिलीज का पहला हफ्ता पूरा हो चुका है। बीते गुरुवार को रिलीज हुई इस फिल्म को पहले हफ्ते के आंकड़े बनाने के लिए आठ दिन मिले और इन आठ दिनों में इस फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 414.85 करोड़ रुपये की नेट कमाई करके अपने निर्माताओं को खुश कर दिया है। लेकिन, इस फिल्म की कमाई हिंदी पट्टी में काफी कम रही है। खराब मार्केटिंग रणनीति के चलते ‘कल्कि 2898 एडी’ का कलेक्शन हिंदी में रिलीज फिल्मों के पहले हफ्ते के कारोबार में पहली 20 फिल्मों में भी शुमार नहीं हो पाया है। अब तफ्तीश इस बात की हो रही है कि आखिर इस फिल्म को हिंदी पट्टी में दर्शकों तक पहुंचाने में चूक कहां हो गई?
Kalki 2898 AD Week 1: ‘कल्कि 2898 एडी’ हिंदी को टॉप 20 में भी नहीं मिली जगह, क्या साजिश का शिकार हुई फिल्म?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
27 जून को रिलीज हुई फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ ने रिलीज के पहले हफ्ते में कुल 414.85 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसमें तेलुगु संस्करण से हुई कमाई 212.25 करोड़ रुपये रही और हिंदी संस्करण से हुई कमाई 162.50 करोड़ रुपये। फिल्म ने तमिल में 23.10 करोड़, मलयालम में 14.20 करोड़ और कन्नड़ में 2.8 करोड़ रुपये कमाए हैं। प्रभास की इससे पहले साल 2017 में आई फिल्म ‘बाहुबली’ और यश की 2022 में आई फिल्म ‘केजीएफ 2’ ने फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ से कहीं बेहतर कमाई अपनी रिलीज के पहले हफ्ते में हिंदी भाषी क्षेत्रों में की थी। माना जा रहा है कि फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ की हिंदी पट्टी में मार्केटिंग सही तरीके से नहीं की गई।
हैदराबाद में चर्चाएं ये भी है कि इस फिल्म को उत्तर भारत के छोटे शहरों व कस्बों के दर्शकों तक न पहुंचने देने के लिए कुछ लोगों ने रोड़े भी अटकाए। फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ बनाने वाली वैजयंती मूवीज इन कारणों के बारे में जांच भी कर रही है। फिल्म का हिंदी भाषी क्षेत्रों में सही प्रचार न हो पाने की बात अब फिल्म के निर्माता, निर्देशक को भी समझ आ रही है। निर्देशक नाग अश्विन इसी सिलसिले में दो दिन से मुंबई में हैं और फिल्म को दूसरे हफ्ते में भी लोकप्रिय बनाए रखने के लिए फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ की मेकिंग से जुड़े दिलचस्प पहलू भी साझा कर रहे हैं।
करीब सवा चार सौ करोड़ रुपये की लागत से बनी फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ के प्रचार और विपणन में हुए खर्च को मिलाकर ये फिल्म करीब 600 करोड़ रुपये की लागत से सिनेमाघरों में रिलीज हुई है और इसे घरेलू बॉक्स ऑफिस पर हिट होने के लिए इस लिहाज से कम से कम 1200 करोड़ रुपये कमाने ही चाहिए। फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ से पहले रिलीज हुई सिर्फ दो गैर हिंदी भारतीय फिल्में हिंदी पट्टी में अपनी मूल भाषा सा या उससे भी बेहतर प्रदर्शन कर पाई हैं।
‘बाहुबली 2’ और ‘केजीएफ 2’ नामक इन दोनों फिल्मों ने साउथ सिनेमा को हिंदी पट्टी में खासा लोकप्रिय भी बनाया था। जानकारी के मुताबिक इनमें से फिल्म ‘केजीएफ 2’ ने रिलीज के पहले हफ्ते में हिंदी में करीब 268.63 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि फिल्म ‘बाहुबली 2’ ने रिलीज के पहले हफ्ते में करीब 247 करोड़ रुपये कमाए थे। इस लिहाज से फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ की सिर्फ 162.50 करोड़ रुपये की कमाई फिल्म की लोकप्रियता के हिसाब से काफी कम है।