'कन्नप्पा' विष्णु मांचू की महत्वाकांक्षी परियोजना है। इस बहुप्रतीक्षित फिल्म को और खास बनाने के लिए विष्णु मांचू पूरी मेहनत कर रहे हैं। फिल्म में कई दिग्गज सितारों की महत्वपूर्ण भूमिकाएं हैं। विष्णु मांचू तेजी से अपनी फिल्म पर काम कर रहे हैं और लगातार बड़ी जानकारियां साझा कर रहे हैं। फिल्म को लेकर विष्णु ने बड़ा एलान किया है। फिल्म के टीजर का प्रदर्शन कान फिल्म फेस्टिवल 2024 में हुआ था। वहीं, अब भारतीय दर्शकों के लिए फिल्म का टीजर जारी किया जाएगा। टीजर के रिलीज की तारीख का खुलासा विष्णु मांचू ने कर दिया है।
Kannappa Teaser: इस जगह 'कन्नप्पा' का टीजर रिलीज करने के लिए उत्साहित विष्णु मांचू, 100 फैंस को किया आमंत्रित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
निर्माताओं ने घोषणा की है कि फिल्म का टीजर 14 जून, 2024 को रिलीज किया जाएगा। ताजा खबर यह है कि टीजर की एक विशेष स्क्रीनिंग उसी दिन दोपहर दो बजे हैदराबाद के एएमबी सिनेमा में होगी, जिसमें चुनिंदा दर्शकों को एक विशेष बड़ी स्क्रीन प्रीव्यू देखने का मौका मिलेगा। टीजर के डिजिटल रिलीज का समय बाद में घोषित किया जाएगा।
विष्णु मांचू ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर फिल्म के टीजर की स्क्रीनिंग के बारे में जानकारी साझा की। साथ ही उन्होंने अपने प्रशंसकों को भी आमंत्रित किया। उन्होंने पोस्ट साझा करते हुए लिखा, 'मैं कन्नपा टीजर की रिलीज की घोषणा करते हुए बेहद उत्साहित हूं, यह एक ऐसा प्रोजेक्ट है, जो मेरे दिल के करीब है। न्यूजीलैंड में फिल्मांकन के दिनों से लेकर चोट से उबरने तक, इस पूरी यात्रा में आपका अटूट प्यार और समर्थन मेरी ताकत रहा है। यह आपका प्रोत्साहन ही है, जिसने इसे संभव बनाया है। अपना आभार व्यक्त करने के लिए मैं आपमें से 100 मेरे अविश्वसनीय समर्थकों को टीजर कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित करना चाहता हूं। इंस्टाग्राम पर मुझे डीएम करने वाले पहले 100 लोगों को इस विशेष स्क्रीनिंग के लिए विशेष पास प्राप्त होंगे। यह मेरे लिए हमेशा मौजूद रहने के लिए आपको धन्यवाद कहने का मेरा तरीका है। मैं आप सभी से मिलने और इस रोमांचक पल को एक साथ साझा करने के लिए इंतजार नहीं कर सकता।'

फिल्म से जुड़ी लगातार दिलचस्प जानकारियां देने के लिए निर्माता पोस्टर साझा कर रहे हैं। इससे इससे पहले विष्णु ने प्रभास के किरदार का एक पोस्टर भी साझा किया था और बताया था कि वे शूटिंग शुरू कर चुके हैं। विष्णु ने बताया था कि अक्षय ने शूटिंग पूरी कर ली है। साथ ही उन्होंने अक्षय के साथ फिल्म में काम करने का अनुभव भी साझा किया था और अक्षय के साथ अपनी तस्वीरें भी साझा की थीं। वहीं प्रभास के किरदार को लेकर खबर है कि वे फिल्म में कैमियो रोल निभाएंगे। प्रभास फिल्म में नंदी की भूमिका निभाते नजर आएंगे। कहा जा रहा है कि अक्षय कुमार फिल्म में भगवान शिव की भूमिका निभा रहे हैं और अफवाह है कि अनुष्का पार्वती की भूमिका निभाएंगी।
'कन्नप्पा' मुकेश सिंह द्वारा निर्देशित एक पीरियड फिल्म है। फिल्म की कहानी पारुचुरी गोपालकृष्ण, बुर्रा साई माधव और थोटा प्रसाद ने मिलकर लिखी है। 'कन्नप्पा' में प्रभास, मोहनलाल, शिवराज कुमार, नयनतारा, तमन्ना भाटिया, काजल अग्रवाल, आर सरथकुमार, ब्रह्मानंदम अन्य महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन मुकेश कुमार सिंह ने किया है। इस फिल्म का निर्माण 24 फ्रेम्स फैक्ट्री कर रही है। इस फिल्म में संगीत मणि शर्मा और स्टीफन देवासी द्वारा दिया जाएगा।