Movie Review: लव आज कल
यूट्यूब और ओटीटी पर मशहूर स्टैंड अप कॉमेडियन जाकिर खान का एक खूब देखा जाने वाला वीडियो है जिसमें वह अपने इंदौर से दिल्ली आने और उसके बाद किसी पार्टी में एक दिल्ली वाली लड़की के साथ चंद घंटे गुजारने का अनुभव साझा करते हैं। पूरी कहानी को जाकिर प्रेम, वासना और किशोरवय वाली उम्मीदों पर बांधते हैं और आखिर में आकर वहां अटक जाते हैं जहां कोई भी लड़का सिर्फ एक गलती करके छिछोरा साबित हो सकता है। इम्तियाज अली की फिल्म लव आजकल का वीर वही इंदौर वाला लड़का है। बस इम्तियाज ने उसका शहर बदलकर उदयपुर कर दिया है।
Love Aaj Kal Movie Review: प्रेम की नई परिभाषा गढ़ने में चूके इम्तियाज, लव आज कल को मिले इतने स्टार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इम्तियाज अली हिंदी सिनेमा के उन निर्देशकों की जमात के प्रतिनिधि हैं जिनके लिए जिंदगी सिर्फ काली और सफेद नहीं है। वह प्रेम के मायने अपनी निजी जिंदगी के अनुभवों से सीखते हैं। ये अलग बात है कि मुंबई जैसे शहर में अगर प्रेम सिर्फ फायदे के लिए किया जाता हो तो अनुभव काफी दर्दनाक ही होते हैं। तो इम्तियाज अली की फिल्मों में प्रेम की अलग अलग परिभाषाएं देखने के बाद बाकी क्या बचा होगा? अदिति, गीत, मीरा, तारा से जोई तक आते आते इक्कीसवीं सदी में भी लोगों को अगर अरिजीत सिंह का गाना शायद अच्छा लगता है तो इसके मायने यही हैं कि प्रेम की परिभाषाएं कभी बदलती नहीं हैं। ये सिर्फ निर्देशकों के दिमाग का फितूर है।
वैलेंटाइंस डे पर रिलीज हुई फिल्म लव आज कल को देखने वाले युवाओं और किशोरों को हालांकि सिनेमा के इतिहास और फिल्मों के रिव्यूज से ज्यादा कुछ खास लेना देना नहीं होता, वे तो बस सिनेमाघर के अंधेरे में अपने साथी के साथ कुछ लम्हे फुर्सत के गुजारने पहुंचते हैं। लेकिन, ढंग की कहानी और कायदे के अभिनय की तलाश उनको भी रहती है। 11 साल पहले रिलीज हुई सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और जिसेली की फिल्म से इस लव आज कल की तुलना होनी ही है। एक लाइन में कहें तो इम्तियाज अली बतौर निर्देशक 2009 वाली लव आज कल से 2020 वाली लव आज कल को इक्कीस करने से चूक गए हैं। और, इसमें सबसे ज्यादा दोष है उनके फिल्म के लीड कलाकारों कार्तिक आर्यन और सारा अली खान के रवैये का। दोनों सितारे कहीं से आम इंसानों जैसे नहीं दिखते, उनका हर हाव भाव परदे पर और बाहर भी नकली है।
अपनी फिल्म को हिट कराने के लिए कार्तिक और सारा ने जनता के सामने नकली प्रेम भी किया है। फिल्म लव आजकल में कार्तिक का अभिनय सोचा ना था के अभय देओल से लेकर रॉकस्टार के रणबीर कपूर की नकल करता दिखता है। सैफ अली खान ने पहले वाली लव आज कल में जो शानदार अभिनय किया था, कार्तिक उसके आधे तक नहीं पहुंचते। सैफ पूरी तरह से लय में और किरदार की आत्मा में रचे दिखे थे, कार्तिक न दिल्ली में बसे दिखते हैं और न उदयपुर में।
सारा अली खान का जितना ध्यान अपने बालों को रंगने और मेकअप को सजाने में रहा होगा, उतना ध्यान शायद उन्होंने अपने अभिनय पर दिया होता तो बात कुछ और ही होती। फिल्म के सरप्राइज हैं रणदीप हुड्डा और आरुषि शर्मा। हालांकि रणदीप का ये किरदार उनके हाईवे वाले महावीर भाटी के पसंघे जितना भी नहीं है पर जितनी देर वह परदे पर दिख सके, सुकून से दिखे। आरुषि शर्मा को लव आज कल का फायदा बहुत मिलने वाला है। हिमाचली शोखियां और ईमानदारी उनके अभिनय के पक्के रंग हैं।