अब जबकि हिंदी सिनेमा के कारोबार का सबसे काला कड़वा सच जनता के सामने आना भी शुरू हो गया है, बड़े बड़े सितारों की बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिर रही फिल्मों को लेकर फिल्म इंडस्ट्री में एक अलग तरह की ही बहस तेजी पकड़ रही है। फिल्में दिखाने वाली देश की बड़ी मल्टीप्लेक्स श्रृंखलाओं ने फिल्म निर्माताओं से साफ कह दिया कि उनके हर शो में एक निश्चित संख्या में टिकटों की बिक्री न होने पर वे शो रद्द कर देंगे, लिहाज निर्माता खुद अपनी फिल्मों की टिकटें बिकवाने में लगे हुए हैं। लेकिन, ये कॉरपोरेट बुकिंग भी हर सितारे के काम नहीं आ रही। इस शुक्रवार को रिलीज हुई अभिनेता राजकुमार राव की फिल्म ‘श्रीकांत’ ने शनिवार को करीब 90 फीसदी की छलांग तो बॉक्स ऑफिस पर लगाई लेकिन ये छलांग भी हॉलीवुड फिल्म ‘किंगडम ऑफ द प्लैनेट ऑफ द एप्स’ के सामने कम पड़ गई।
Saturday Box Office Collection: श्रीकांत पर फिर भारी पड़े हॉलीवुड के लंगूर, तमिल का स्टार भी राजकुमार से आगे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लगातार 10 फ्लॉप फिल्में दे चुके अभिनेता राजकुमार राव की हालिया रिलीज फिल्म ‘श्रीकांत’ को हिट कराने का इसे बनाने वाली कंपनी टी सीरीज पर सबसे ज्यादा जोर है। कंपनी ने फिल्म के कुछ खास शोज कुछ खास फिल्म समीक्षकों के लिए कराकर इसे अच्छी रेटिंग दिलाने के लिए न सिर्फ खूब धन खर्च किया बल्कि, दूसरे शहरों के इन तथाकथित समीक्षकों को भी मुंबई बुलाकर ये फिल्म दिखाई और उनकी रेटिंग वाले विज्ञापन बड़े पैमाने पर प्रकाशित किए। इन विज्ञापनों को लेकर टी सीरीज की सोशल मीडिया पर खूब ट्रोलिंग भी हो रही है। ‘अमर उजाला’ ने इस फिल्म को अपनी समीक्षा में ढाई स्टार दिए हैं।
Srikanth Review: अभिनेता राजकुमार पर भारी दिखा स्टार राजकुमार, दर्शकों से रिश्ता नहीं जोड़ पाया ‘श्रीकांत’
करीब 40 करोड़ रुपये में बनी फिल्म ‘श्रीकांत’ से इसकी हीरोइन अलाया एफ ये कहकर पहले ही पल्ला झाड़ चुकी हैं कि ये फिल्म उन्होंने ठीक शूटिंग शुरू होने से पहले साइन की थी लिहाजा उन्हें अपने किरदार पर मेहनत करने का समय नहीं मिला। राजकुमार राव को पूरा समय मिला, लेकिन उनकी अदाकारी बहुत उम्दा नहीं कही जा सकती है। उनकी अपनी ब्रांड वैल्यू काफी नीचे गिर चुकी है और इसी के चलते पहले दिन 2.25 करोड़ रुपये कमाने वाली फिल्म पूरा जोर लगाकर भी दूसरे दिन अपनी लागत के 20 फीसदी कलेक्शन तक दोनों दिन की कमाई मिलाकर भी नहीं पहुंच सकी। फिल्म ने दूसरे दिन 4.20 करोड़ रुपये कमाए और इसका दो दिन का कलेक्शन कुल मिलाकर सिर्फ 6.45 करोड़ रुपये ही हो पाया है।
फिल्म ‘श्रीकांत’ से ज्यादा कमाई इसके साथ ही रिलीज हुई तमिल ने दो दिन में कर ली है। तमिल में बनी केविन और अदिति पोहनकर अभिनीत फिल्म ‘स्टार’ ने पहले दिन करीब 2.80 करोड़ रुपये की कमाई की। निर्देशक एलन की इस फिल्म ने रिलीज के दूसरे दिन चार करोड़ रुपये और कमाकर अपना दो दिन का कलेक्शन 6.80 करोड़ रुपये कर लिया है। ध्यान देने वाली बात ये है कि इस फिल्म की कुल लागत सिर्फ 12 करोड़ रुपये है।
और शुक्रवार को रिलीज हुई तीनों प्रमुख फिल्मों में सबसे आगे चल रही है, इंसानों और लंगूरों के संघर्ष की कहानी फिल्म ‘किंगडम ऑफ द प्लैनेट ऑफ द एप्स’। फिल्म का पहले दिन का कलेक्शन 3.15 करोड़ रुपये रहा, और दूसरे दिन फिल्म ने करीब 40 फीसदी की बढ़त दर्ज करते हुए अपना कलेक्शन 4.37 करोड़ रुपये कर लिया है। फिल्म के अंग्रेजी और हिंदी संस्करण का कलेक्शन सबसे आगे हैं। तमिल और तेलुगु में फिल्म उतना अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रही है। रिलीज के दो दिनों में ही ये फिल्म ‘श्रीकांत’ और ‘स्टार’ से आगे निकल चुकी है।