टीवी से लेकर बॉलीवुड तक इन दिनों पूरे मनोरंजन जगत में शादी की धूम मची हुई है। एक ओर जहां राजकुमार राव, श्रद्धा आर्या जैसे सेलेब्स शादी के बंधन में बंध चुके हैं। तो वहीं दूसरी तरफ कई कपल ऐसे भी हैं, जो जल्द ही अपने रिश्ते को एक कदम आगे बढ़ाने वाले हैं। बॉलीवुड में इन दिनों विक्की कौशल और कैटरीना कैफ की शादी के चर्चे आम बने हुए हैं। तो वही टीवी एक्ट्रेस अंकिता लोखंडे और उनके ब्वॉयफ्रेंड विक्की जैन की शादी भी लगातार सुर्खियों में बनी हुई है।
Ankita Vicky Wedding: श्रद्धा आर्या ने शेयर किया अंकिता लोखंडे की शादी का कार्ड, वेडिंग डेट ढूंढते रह गए फैंस
अंकिता और विक्की की शादी के कार्ड अब बंटना शुरू हो चुके हैं। इसी क्रम में एक्ट्रेस श्रद्धा आर्या को भी निमंत्रण भेजा गया है। ऐसे में कार्ड मिलने पर श्रद्धा ने अंकिता की शादी के कार्ड की एक झलक फैंस के साथ साझा की। अभिनेत्री ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वेडिंग कार्ड का एक वीडियो पोस्ट किया है।
वीडियो में साफ नजर आ रहा हैं कि कार्ड पर सबसे पहले इसे रिसीव करने वाले का नाम लिखा हुआ है। इसके बाद कार्ड खोलते ही अंदर सुनहरे अक्षरों में वेडिंग कपल यानी अंकिता और विक्की का नाम लिखा है। इसके अलावा कार्ड के अंदर कुछ मंत्र लिखे भी दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, हैरान करने वाली बात यह है कि कार्ड से तारीख गायब है। इसमें सिर्फ 'दिसंबर 2021' लिखा हुआ है।
रॉयल बलू रंग के इस कार्ड को शेयर करते हुए श्रद्धा आर्या ने कैप्शन में लिखा- 'और अब मेरी पसंदीदा लड़की की बारी है। अंकिता लोखंडे और विक्की जैन आपको बहुत बहुत शुभकामनाएं।' इस कार्ड का लुक फैंस को काफी पसंद आ रहा हैं। वह लगातार इस पर कमेंट कर अंकिता और विक्की को नए सफर की शुरुआत की शुभकामनाएं दे रहे हैं।
इससे पहले सोशल मीडिया पर अंकिता और उनके बॉयफ्रेंड विक्की की कुछ तस्वीरें वायरल हो रही थी। इन तस्वीरों में अंकिता और विक्की दोनों मुण्डावर बांधे नजर आ रहे थे। कुछ यूजर्स इन तस्वीरों को देख असमंजस में पड़ गए थे कि अभिनेत्री ने शादी कर ली है। हालांकि, यह तस्वीरें शादी की नहीं बल्कि शादी से पहले होने वाली रस्मों की थी।