टीवी के चर्चित रियलिटी शो 'बिग बॉस' के 14वें सीजन को लेकर इसके निर्माताओं ने बहुत सी चीजें नई होने का वादा किया है। इसमें सबसे नई बात यह है कि अब 'बिग बॉस' का ताजा सीजन टीवी से पहले मोबाइल पर देखा जा सकेगा। बृहस्पतिवार को इस शो के नए सीजन की लॉन्चिंग को लेकर हुई प्रेस कांफ्रेंस के दौरान शो के निर्माताओं ने बताया है कि दर्शकों को 'बिग बॉस' देखने के लिए रात के नौ बजने तक का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वह हर दिन इस शो का मजा एडवांस में मोबाइल पर ले सकेंगे।
टीवी से पहले मोबाइल पर दिखेगा 'बिग बॉस', सलमान खान ने साझा किया अपने करीबियों को खोने का गम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टीवी का यह रियलिटी शो इस बार काफी चुनौतियों भरा होने वाला है। सिर्फ प्रतियोगियों के लिए ही नहीं, बल्कि इसके निर्माताओं के लिए भी। पूरी दुनिया इस वक्त कोरोना वायरस जैसी जानलेवा महामारी से जूझ रही है। ऐसे में टीवी पर रोजाना प्रसारित होने वाले 'बिग बॉस' जैसे रियलिटी शो को लगातार चलाते रहना इसके निर्माताओं के लिए एक बड़ी जिम्मेदारी है। वैसे शो के निर्माताओं ने प्रतियोगियों और सेट पर काम करने वाले सभी कर्मचारियों का ध्यान रखने के लिए सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद किया है। लेकिन, इन व्यवस्थाओं में अगर थोड़ी सी भी चूक हुई तो शो पर बंद होने का खतरा भी मंडरा सकता है।
चैनल की चीफ कंटेंट ऑफिसर मनीषा शर्मा ने बताया कि इस शो में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को क्वांरटीन करने के बाद घर में प्रवेश दिया जाएगा। उससे पहले भी उन सबके कोरोना वायरस के परीक्षण होंगे। शो के होस्ट अभिनेता सलमान खान के हिसाब से कोरोना मामले में बिग बॉस का घर दुनिया में सबसे सुरक्षित जगहों में से एक है। इसी तरह बिग बॉस के घर के बाहर लगातार काम करने वाले कर्मचारियों के लिए भी हर सप्ताह कोरोना वायरस के परीक्षण की व्यवस्था रहेगी। जिससे कि सेट पर कोई अशांति न फैले।
सलमान खान ने इस शो में निर्माताओं की तरफ से कुछ खास व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शो में भाग लेने वाले प्रतियोगियों को फिल्म देखने के लिए एक मिनी थियेटर, शॉपिंग करने के लिए एक शॉपिंग मॉल, मसाज करवाने के लिए एक स्पा और खाना खाने के लिए एक रेस्टोरेंट की व्यवस्था की गई है। हालांकि, इन व्यवस्थाओं का लाभ लग्जरी टास्क को जीतने वाले प्रतिभागी ही उठा सकेंगे। निर्माताओं ने इसे शो का आकर्षण भी बताया है और यह प्रतियोगियों के लिए कुछ ऐसी सुविधाएं हैं जो उन्होंने कोरोना वायरस की वजह से हुए लॉकडाउन भर उनका मजा नहीं लिया होगा।
सलमान के लिए यह शो किसी और मायने में भी खास है। दरअसल, उन्होंने इस शो को इस कठिन वक्त में नौकरी देने वाला बताया है। उनके अनुसार यह शो ऐसे समय पर चालू हुआ है जब लोगों की नौकरियां जा रही हैं। घर बैठे लोग अवसाद से ग्रसित हो रहे हैं। सलमान का मानना है कि इस शो के जरिए जब लोग काम करने लगेंगे तो उन्हें मनोरंजन के साथ रोजगार भी मिलेगा जिसकी इस कठिन समय में लोगों को सबसे ज्यादा जरूरत है। सलमान ने खुद अपनी स्थिति बताते हुए कहा कि उनके लगभग 30 साल के लंबे करियर में कभी ऐसा मौका नहीं आया जब उन्होंने लगातार छह महीने की छुट्टी ली हो।