अपने चाचा महेश भट्ट की फिल्म ‘हम हैं राही प्यार के’ के सेट पर आमिर खान के दोस्त बने निर्देशक विक्रम भट्ट ने हिंदी सिनेमा को कुछ कालजयी सुपरडुपर हिट फिल्में दी हैं। लेकिन, इन दिनों वह सार्थक सिनेमा से दूर अपनी एक अलग दुनिया बसा चुके हैं। इस दुनिया में सेक्स है, गालियां हैं और हैं ऐसी कहानियां जो एकबारगी देखने पर भरोसा भी नहीं होता कि विक्रम भट्ट की बनाई हुई हैं। हिंदी सिनेमा पर ओटीटी के असर का जीता जागता उदाहरण बन चुके विक्रम भट्ट ने मंगलवार को एक और ऐसी ही सीरीज शुरू की।
कभी आमिर खान का मोस्ट फेवरेट था ये डायरेक्टर, अब ‘सेमी पॉर्न’ वेब सीरीज बनाने को हुआ मजबूर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
निर्माता भी बन चुके निर्देशक विक्रम भट्ट इन दिनों बड़ा पर्दा छोड़ मोबाइल की स्क्रीन पर ही सुख ढूंढ रहे हैं। विक्रम ने इसी कड़ी में एक थ्रिलर वेब सीरीज 'डर्टी गेम्स' की योजना बनाई है जिसकी शूटिंग मंगलवार से मुंबई में शुरू हो गई। दुनिया के मौजूदा हालात को समझते हुए वेब सीरीज की पूरी टीम स्वास्थ्य सुरक्षा व्यवस्था का पूरा ध्यान रख रही है। इसमें संदीपा धर और ओमकार कपूर मुख्य भूमिकाएं निभाते हुए नजर आएंगे।
विक्रम भट्ट ने जब वर्ष 2008 में आई फिल्म '1920' बनाई, उसके बाद से उनकी पूरी दुनिया ही बदल गई। थ्रिलर जॉनर के लिए मशहूर रहे विक्रम हॉरर फिल्में बनाने लगे जिनमें '1920' के बाद 'शापित', 'हांटेड 3डी', 'डेंजरस इश्क', 'राज 3डी', 'क्रिएचर 3डी', 'राज- रिबूट', '1921', 'घोस्ट' जैसी फिल्में शामिल हैं। इन सभी फिल्मों में 'हांटेड 3डी', 'राज- रिबूट' जैसी कुछ एक ही फिल्में रहीं जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर ठीक-ठाक कारोबार किया। इसी बीच विक्रम ने एंट्री मारी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर।
बदलते समय के साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी शुरुआत करने से विक्रम खुद को बहुत संतुष्ट बताते हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि शायद मैं पहला फिल्म निर्देशक हूं जिसने इंटरनेट पर गंभीर रूप से काल्पनिक कहानियां बताने की शुरुआत की। 'माया' और 'ट्विस्टेड' सीरीज ऐसी हैं जो धीरे-धीरे अपने चौथे सीजन की ओर बढ़ चली हैं। यह मेरे लिए बहुत खुशी की बात है। पिछले कुछ सालों में ओटीटी ने मनोरंजन की दुनिया को ही बदल कर रख दिया है। बदलाव के साथ यहां अब मुकाबला भी काफी है।'
विक्रम बड़े पर्दे के लिए तो थ्रिलर और हॉरर सामग्री ही बनाते थे। लेकिन, जब से उनके हाथ में ओटीटी की ताकत लगी तो उन्होंने हॉरर और थ्रिलर के साथ थोड़ी कामुक सामग्री भी परोसना शुरू कर दी। इंटरनेट पर उनकी वेब सीरीज 'ट्विस्टेड', 'माया', 'स्पॉटलाइट', 'गहराइयां', 'नेकेड', 'हद' कुछ ऐसी वेब सीरीजें और उनके विभिन्न सीजन हैं जो कहानी के अलावा उनमें दिखाए गए कुछ कामुक दृश्यों के लिए ज्यादा देखे जाते हैं। इसलिए यह सभी प्रोजेक्ट इंटरनेट पर काफी मशहूर भी हुए। विक्रम के ज्यादातर प्रोजेक्ट ओटीटी प्लेटफॉर्म पर मुफ्त में ही बिना शुल्क चुकाए उपलब्ध हैं।