समाजवादी पार्टी के संरक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का सोमवार को 82 साल की उम्र में निधन हो गया। मुलायम लंबे समय से बीमार चल रहे थे। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने आखिरी सांस ली। सपा संरक्षक के निधन पर देशभर में शोक की लहर है। राष्ट्रपति से लेकर प्रधानमंत्री और राहुल गांधी तक कई दिग्गज नेताओं ने मुलायम के निधन पर शोक व्यक्त किया।
आगे पढ़ने के लिए लॉगिन या रजिस्टर करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
फ्री ई-पेपर
सभी विशेष आलेख
सीमित विज्ञापन
प्रधानमंत्री ने एक के बाद एक मुलायम सिंह यादव के साथ अपनी आठ तस्वीरें शेयर कीं। कई पुरानी यादों को ताजा करते हुए सपा संरक्षक की तारीफ की। यही नहीं गुजरात में एक जनसभा को संबोधित करते हुए भी प्रधानमंत्री ने मुलायम सिंह के साथ अपने रिश्तों को बयां किया। आइए देखते हैं पीएम मोदी ने कौन-कौन सी तस्वीरें शेयर कीं और मुलायम सिंह यादव के लिए क्या बोले?
2013 और फिर 2019 में मुलायम सिंह ने दिया था आशीर्वाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में आज एक जनसभा को संबोधित किया। इसकी शुरुआत में ही उन्होंने सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी ने कहा, 'मैं यहां आ रहा था तो एक दुखद खबर मिली। आज मुलायम सिंह यादव जी का निधन हो गया। मुलायम सिंह यादव जी का जाना देश के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। उनके साथ मेरा नाता बड़ा विशेष प्रकार का रहा। जब हम दोनों मुख्यमंत्री के रूप में मिला करते थे तो एक अपनत्व का भाव अनुभव करते थे।'
पीएम ने आगे कहा, '2013 में जब भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव के लिए मुझे प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया तो मैंने विपक्षी नेताओं से भी बात की, जिनसे मेरा पहले से परिचय था। ऐसे महानुभावों को फोन करके मैंने आशीर्वाद लिया। मुझे याद है उस दिन मुलायम सिंह जी का वो आशीर्वाद और सलाह के दो शब्द जो आज भी मेरी अमानत है।'
प्रधानमंत्री बोले, 'मुलायम सिंह जी की विशेषता रही कि 2013 में जो उन्होंने मुझे आशीर्वाद दिया था, उसमें कभी भी उतार चढ़ाव नहीं आने दिया। घोर राजनीतिक विरोधी बातों के बीच भी जब 2019 लोकसभा चुनाव होना था और संसद का आखिरी सत्र था, तब उन्होंने भरी संसद में मुझे आशीर्वाद दिया। उन्होंने जो बात कही थी, वो देश के किसी भी राजनीतिक कार्यकर्ता के जीवन में बहुत बड़ा आशीर्वाद होता है। उन्होंने संसद में खड़े होकर बिना लाग लपेट के कहा था, राजनीतिक आटा-पाटा के बिना कहा था. उन्होंने कहा था कि मोदी जी सबको साथ लेकर चलते हैं, इसलिए मुझे उम्मीद है कि 2019 में फिर से चुनकर देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। कितना बड़ा दिल होगा।'
पीएम ने आगे कहा, 'जब तक वह जीवित थे तक तक मुझे उनका आशीर्वाद मिला। गुजरात की इस धरती और मां नर्मदा के इस तट से उन्हें श्रद्धांजलि देता हूं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उनके परिवार और उनके समर्थकों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।'