एक ही परिवार के चार सदस्यों के कोरोना संक्रमित होने के बाद जम्मू के गुढ़ा बख्शी और आसपास के क्षेत्र में सख्ती बढ़ा दी गई। गुढ़ा बख्शी नगर इलाके को पूरी तरह से सील कर दिया गया। किसी को भी बाहर निकलने की इजाजत नहीं दी जा रही है। संक्रमित परिवार के संपर्क में आने वाले 58 लोगों की शिनाख्त की गई है, जिसमें गुरुवार को मोबाइल वैन ने क्षेत्र में पहुंचकर 50 लोगों के कोविड मोबाइल सैंपल लिए। इस इलाके को कंटेनमेंट घोषित किया गया है।
Coronavirus in Jammu kashmir: एक ही परिवार के चार सदस्य कोरोना संक्रमित, पूरा इलाका सील, जगह-जगह तारबंदी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुढ़ा बख्शी नगर के सभी प्रवेश द्वारों पर तारबंदी की गई है। इसमें पुलिस कर्मियों के साथ अन्य सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। जीएमसी के बाहर भी नाका लगाकर गुढ़ा बख्शी नगर की ओर जाने वाले लोगों को रोका जा रहा है। संक्रमित परिवार के आसपास 28 घर हैं, जिसके बाद अन्य इलाके में भी पाबंदियां जारी हैं।
जिला प्रशासन की ओर से एक कमेटी बनाई गई है, जिसकी निगरानी में गुढ़ा बख्शी नगर में सारी व्यवस्था की जा रही है। इसमें लोगों तक आवश्यक वस्तुएं मुहैया करवाना भी शामिल है। एक साथ चार पॉजिटिव मामले आने के बाद फिलहाल कोई ढील नहीं दी गई है। बताया जाता है कि 21 दिन तक ऐसी ही व्यवस्था रखी जाएगी। जिसमें सभी संपर्क में आने वाले लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आने पर ढील दी जाएगी।
संक्रमित परिवार के संपर्क में आने वाले लोगों के सैंपल लेकर उन्हें घर पर ही क्वारंटीन किया गया है। सीएमओ जम्मू डॉ. जेपी सिंह ने बताया कि मोबाइल कोविड टेस्टिंग वैन से गुढ़ा बख्शी नगर इलाके में कोरोना पॉजिटिव परिवार के लगभग संपर्क में आने वाले लोगों के सैंपल ले लिए गए हैं। ऐसे कंटेनमेंट जोन के लिए मोबाइल वैन कारगर साबित हो रही है। अब तक मोबाइल वैन से विभिन्न क्षेत्रों में 434 कोविड सैंपल लिए जा चुके हैं। मोबाइल वैन को संदिग्ध मरीज को वहीं पर रखकर उसके सैंपल लिए जा रहे हैं।
इस बीच बाहरी राज्यों से गुरुवार को जम्मू में 124 लोग पहुंचे, जिन्हें भलवाल क्वारंटीन सेंटर में भेजा गया। गत दिवस आए 148 लोगों के भी सैंपल लिए गए हैं। जिला मजिस्ट्रेट जम्मू सुषमा चौहान की ओर से अंडर सेक्शन 144, एपिडेमिक डिजीज एक्ट 1897 और डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट 2005 के तहत गुढ़ा बख्शी नगर क्षेत्र में गैर मान्यता गतिविधियों और सभी तरह की आवाजाही पर रोक लगाई गई है। मेडिकल इमरजेंसी के लिए कंट्रोल रूम नंबर 01912571616, 01912571912 जारी किए गए हैं। आदेश का उल्लंघन करने पर आईपीसी 188 के तहत कार्रवाई की जाएगी।