पिछले एक दशक के मेडिकल रिपोर्ट्स पर नजर डालें तो पता चलता है कि किडनी से संबंधित समस्याओं के मामले तेजी से बढ़े हैं। अब 30 साल से कम उम्र के लोग भी इसका शिकार हो रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ लाइफस्टाइल और खान-पान में गड़बड़ी को इसका प्रमुख कारण मानते हैं। अनियमित दिनचर्या, जंक फूड, अधिक नमक और प्रोसेस्ड फूड का अधिक सेवन किडनी की सेहत पर सीधा असर डालती है।
Kidney Tips: जान लीजिए किडनी की सेहत का सीक्रेट, ये चार आदतें इस अंग को रखेंगी हेल्दी
पिछले कुछ वर्षों में किडनी से जुड़ी बीमारियां तेजी से बढ़ी हैं और चिंता की बात यह है कि अब 30 से कम उम्र के लोग भी इसका शिकार हो रहे हैं। इसका सबसे बड़ा कारण बदलती जीवनशैली मानी जाती है। आइए जानते हैं कि किडनी को स्वस्थ रखने के लिए क्या उपाय किए जा सकते हैं?
क्यों बढ़ती जा रही है किडनी की बीमारी?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों की मानें तो डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर, किडनी की गंभीर बीमारियों और किडनी फेलियर के लगभग 60% मामलों के लिए जिम्मेदार होते हैं।
- पानी कम पीना भी एक बड़ा कारण है, जिससे टॉक्सिन्स शरीर में जमा होने लगते हैं और किडनी के लिए समस्याएं बढ़ने लगती हैं।
- धूम्रपान, शराब, मोटापा को भी अध्ययनों में किडनी की सेहत के लिए मुश्किलें बढ़ाने वाला पाया गया है।
- लंबे समय तक और बिना डॉक्टर की सलाह के अगर आप पेनकिलर लेते रहते हैं तो इससे भी किडनी के खराब होने का खतरा बढ़ जाता है।
डॉक्टर कहते हैं अगर कम उम्र से ही दिनचर्या में चार आदतों को शामिल कर लिया जाए तो किडनी की समस्याओं को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
आज से ही कर लें डाइट में सुधार
किडनी को स्वस्थ रखने के लिए आहार को ठीक रखना जरूरी है। इसके लिए भोजन में फल और सब्जियों की मात्रा को बढ़ाएं। ऐसे आहार किडनी के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण होते हैं क्योंकि इससे शरीर को विटामिन, खनिज और जरूरी एंटीऑक्सीडेंट्स प्राप्त होता है। हालांकि ध्यान रखें, बहुत अधिक प्रोटीन और तले हुए भोजन से बचाव करना चाहिए। किडनी की बीमारियों से बचाव के लिए सोडियम, शक्कर और प्रोसेस्ड फूड्स का सेवन कम से कम करें।
नियमित व्यायाम की बना लें आदत
व्यायाम करना शरीर को स्वस्थ रखने के लिए जरूरी है क्योंकि यह मधुमेह, उच्च रक्तचाप और मानसिक तनाव जैसी किडनी के लिए हानिकारक स्थितियों को नियंत्रित करने में मदद करता है। नियमित रूप से व्यायाम करने से आपका रक्त संचरण भी बेहतर होता है, जिससे किडनी को भी लाभ मिलता है। जो लोग शारीरिक रूप से कम सक्रिय रहते हैं उनमें समय के साथ किडनी से संबंधित विकारों के विकसित होने का खतरा अधिक देखा जाता रहा है।
शरीर में पानी की न होने पाए कमी
किडनी की बीमारियों से बचाव के लिए पानी पीते रहना सबसे जरूरी है। हाइड्रेशन का ध्यान रखकर किडनी के कार्यों को बढ़ावा देने में मदद मिल सकती है। इसके लिए रोजाना कम से कम 8-10 गिलास पानी पिएं। यदि आप बहुत पसीना बहाते हैं, तो इसकी मात्रा बढ़ा सकते हैं।
नियमित रूप से टेस्ट कराना भी जरूरी
किडनी कितनी स्वस्थ है, इसका पता लगाने के लिए अपने डॉक्टर से नियमित रूप से स्क्रीनिंग कराते रहें। इससे किडनी संबंधी समस्याओं को समय रहते पहचाना जा सकता है और सही समय पर उपचार शुरू किया जा सकता है। विशेषतौर पर जिन लोगों को डायबिटीज-हाई ब्लड प्रेशर जैसी दिक्कत रहती है उन्हें और भी सावधानी बरतते रहने की आवश्यकता होती है।
--------------------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।