कोरोना के इस दौर में मजबूत इम्युनिटी की आवश्यकताओं के बारे में हर कोई समझ चुका है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक इम्युनिटी का बढ़ना एक सतत प्रक्रिया है, ऐसे में इसके लिए लगातार प्रयास करते रहने की आवश्यकता होती है। इम्युनिटी मजबूत होने से संक्रमण और कई तरह की बीमारियों का खतरा कम रहता है। डॉक्टर कहते हैं, आहार और जीवनशैली को ठीक रखकर प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत बनाया जा सकता है। वहीं आपकी कुछ आदतें मजबूत इम्युनिटी को भी कमजोर बना सकती हैं, इस बारे में भी लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।
आज का हेल्थ टिप्स: इम्युनिटी को कमजोर कर सकती हैं ऐसी आदतें, तुरंत बना लें दूरी
पर्याप्त नींद न लेना
पर्याप्त नींद न लेना सिर्फ आपके मानसिक स्वास्थ्य ही नहीं, इम्युनिटी के लिए भी नुकसानदायक हो सकता है। नींद पूरी न होने के कारण आपका शरीर संक्रमण से लड़ने वाली कोशिकाओं और एंटीबॉडी नामक प्रोटीन का सही से निर्माण नहीं कर सकता है, जो बीमारी से बचाव में मदद करते हैं। हमारा शरीर केवल नींद के दौरान ही साइटोकिन्स नामक प्रोटीन बनाता है जो प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूती देने में मदद करती है।
बहुत अधिक तनाव लेने की आदत
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक शरीर को स्वस्थ बनाए रखने के लिए मानसिक स्वास्थ्य का बेहतर रहना बहुत आवश्यक है। अध्ययनों से पता चलता है कि बहुत अधिक तनाव और चिंता करने वाले लोगों की प्रतिरक्षा प्रणाली समय के साथ कमजोर होती जाती है। इम्युनिटी को मजबूत बनाए रखने के लिए तनाव और चिंता को दूर करने वाले उपाय करना बहुत आवश्यक है।
फलों और सब्जियों का सेवन न करना
फलों और सब्जियों का सेवन शरीर को संक्रमण से लड़ने के लिए आवश्यक श्वेत रक्त कोशिकाओं को बनाने में मदद करती हैं। फल और सब्जियां, तमाम तरह के पोषक तत्वों जैसे कॉपर, बीटा-कैरोटीन, विटामिन ए, सी, और ई आदि से भरपूर होती हैं जो आपके स्वस्थ शरीर के लिए आवश्यक होते हैं। पौधे आधारित खाद्य पदार्थ आपको फाइबर प्रदान करते हैं, जो शरीर में वसा को कम करने में मदद करता है, जो प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया को मजबूत करने में सहायक है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से प्राप्त जानकारियों आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
