हाई कोलेस्ट्रॉल को संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए हानिकारक माना जाता है। जिन लोगों का कोलेस्ट्रॉल लेवल अक्सर बढ़ा हुआ रहता है उनमें हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक जैसी गंभीर और जानलेवा समस्याओं का खतरा अधिक हो सकता है। तली-भुनी चीजें, ज्यादा मीठा, पैकेज्ड फूड और लंबे समय तक बैठे रहना कोलेस्ट्रॉल बढ़ने का प्रमुख कारण माना जाता है।
Health Tips: ब्लड टेस्ट में आ गया है हाई कोलेस्ट्रॉल? क्या बिना दवाओं के भी कर सकते हैं इसे कंट्रोल
- बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल हमेशा खतरे की घंटी नहीं होती और हर बार इसे कंट्रोल करने के लिए दवाओं की जरूरत भी नहीं पड़ती। सही जानकारी और थोड़े से लाइफस्टाइल बदलाव से आप इसे नेचुरली मैनेज कर सकते हैं।
क्यों बढ़ता है कोलेस्ट्रॉल?
कोलेस्ट्रॉल के स्तर को नियंत्रित बनाए रखने के लिए आहार और लाइफस्टाइल दोनों को ठीक रखना जरूरी है। जीवनशैली के कारक जैसे संतृप्त-ट्रांस वसा से भरपूर आहार, व्यायाम की कमी, मोटापा और धूम्रपान जैसी आदतें हाई कोलेस्ट्रॉल का कारण बन सकती हैं। कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित रखने के लिए इनसे दूरी बनाकर रखना जरूरी है।
कुछ प्राकृतिक तरीकों की मदद से भी कोलेस्ट्रॉल को बढ़ने से रोकने में मदद मिल सकती है।
आहार में करें सुधार
रेड मीट, फुल फैट वाले डेयरी उत्पाद और प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों से दूरी बनाकर कोलेस्ट्रॉल के स्तर को नियंत्रित रखा जा सकता है। असंतृप्त वसा जैसे एवोकाडो, नट्स, सीड्स और वसायुक्त मछलियां न केवल कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल रखती हैं साथ ही इससे हृदय को स्वस्थ रखने में भी मदद मिल सकती है।
समय पर करें दिन का पहला भोजन
अध्ययनों में पाया गया है कि दिन का पहला भोजन अक्सर देर से करने या अक्सर नाश्ता छोड़ने से शरीर का बायोलॉजिकल सिस्टम धीरे-धीरे बिगड़ने लगता है। यही सिस्टम कोलेस्ट्रॉल, भूख और मेटाबॉलिज्म को कंट्रोल करता है। लिहाजा ब्लड टेस्ट में गड़बड़ी दिखने लगती है और समय के साथ आप कई गंभीर बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं। अध्ययन में पाया गया है कि जो लोग नाश्ता नहीं करते या रात को देर से खाना खाते हैं, उनमें बैड कोलेस्ट्रॉल लेवल में सालाना थोड़ी ज्यादा बढ़ोतरी (0.89 mg/dL) होती है, साथ ही ट्राइग्लिसराइड्स का स्तर भी बढ़ सकता है।
फाइबर वाली चीजों का करें सेवन
आहार में फाइबर वाली चीजों की मात्रा संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद मानी जाती है इससे कोलेस्ट्रॉल भी नियंत्रित रहता है। घुलनशील फाइबर रक्तप्रवाह में इसके अवशोषण को कम करके बैड कोलेस्ट्रॉल के स्तर को नियंत्रित करने में मदद करता है। अपने आहार में घुलनशील फाइबर वाले खाद्य पदार्थ जैसे जई, जौ, बीन्स, फल जैसे सेब, संतरे और जामुन और सब्जियां शामिल करें।
-------------
नोट: यह लेख डॉक्टर्स का सलाह और मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।