Headache for a long time: सिरदर्द एक आम समस्या है, जो तनाव, थकान या मौसम बदलने जैसे कारणों से हो सकता है। ये एक ऐसी समस्या है जिससे सभी लोग कभी न कभी जरूर दो चार हुए होंगे। लेकिन अगर सिरदर्द बार-बार हो या लंबे समय तक बना रहे, तो यह गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का संकेत हो सकता है। अनदेखी करने पर यह स्थिति जटिल हो सकती है।
सावधान: अक्सर बना रहता है सिरदर्द, कहीं ये इन गंभीर समस्याओं की तरफ इशारा तो नहीं
सिरदर्द जिसे अक्सर हम तनाव, थकान या मौसम बदलने का नतीजा मानकर नजरअंदाज कर देते हैं। एक हल्का-फुल्का सिरदर्द तो सामान्य बात है, लेकिन जब सिरदर्द लंबे समय तक बना रहे, तो ये किसी गंभीर बीमारियों का लक्षण भी हो सकता है। आइए इस लेख में इसी के बारे में जानते हैं।
माइग्रेन
माइग्रेन एक न्यूरोलॉजिकल स्थिति है, जिसमें तेज सिरदर्द, मतली और उल्टी होती है। माइग्रेन में कई बार प्रकाश या तेज ध्वनि के प्रति सेंस्टिविटी भी विकसित हो जाती है। यदि सिरदर्द बार-बार और तीव्र हो, तो यह माइग्रेन हो सकता है। नियमित नींद, तनाव प्रबंधन और कैफीन या प्रोसेस्ड फूड से परहेज माइग्रेन को कम कर सकता है। यदि लक्षण गंभीर हों, तो न्यूरोलॉजिस्ट से सलाह लें।
ये भी पढ़ें- Sleep Disorder Effect: 7 घंटे से कम लेते हैं नींद तो शरीर में बढ़ जाता है इन बीमारियों का खतरा, करें ये उपाय
हाई ब्लड प्रेशर (हाइपरटेंशन)
बार-बार सिरदर्द, खासकर सुबह के समय सिर के पिछले हिस्से में, हाई ब्लड प्रेशर का लक्षण हो सकता है। यह स्थिति हृदय रोग और स्ट्रोक का खतरा बढ़ाती है। रक्तचाप की नियमित जांच करें। नमक का सेवन कम करें, संतुलित आहार लें और रोजाना 30 मिनट हल्का व्यायाम, जैसे सैर या योग, करें। तनाव कम करने के लिए ध्यान और गहरी सांस लेने की तकनीक अपनाएं।
ये भी पढ़ें- Covid-19: बीत गए पांच साल, पर अब भी कोरोना की उत्पत्ति बनी हुई है राज, डब्ल्यूएचओ ने दी अहम जानकारी
ब्रेन ट्यूमर या न्यूरोलॉजिकल समस्याएं
ब्रेन ट्यूमर एक दुर्लभ समस्या है। लेकिन लगातार सिरदर्द के साथ उल्टी, दृष्टि में बदलाव, चक्कर आने जैसे लक्षण दिख रहे हैं तो ये ब्रेन ट्यूमर या अन्य न्यूरोलॉजिकल समस्याओं का संकेत हो सकता है। यह एक गंभीर स्थिति है। यदि सिरदर्द के साथ दौरे, कमजोरी या बोलने में कठिनाई हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। एमआरआई या सीटी स्कैन जैसे टेस्ट निदान में मदद करते हैं।
अगर लंबे समय से सिरदर्द है तो ये अवसाद का लक्षण भी हो सकता है। पुराना तनाव, चिंता भी सिरदर्द का कारण बन सकता है। अवसाद की वजह से यह तनाव सिरदर्द (टेंशन हेडेक) के रूप में प्रकट होता है, जिसमें सिर में जकड़न या दबाव महसूस होता है। इससे बचने के लिए रोजाना 10-15 मिनट योग, ध्यान या गहरी सांस लेने की तकनीक अपनाएं। पर्याप्त नींद लें और स्क्रीन टाइम कम करें। अवसाद से बाहर निकलने के लिए काउंसलर से सलाह लें।
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।