छाती में दर्द होने की समस्या काफी सामान्य है, इसके कई कारण हो सकते हैं। सांस के विकारों से लेकर, छाती में किसी प्रकार की चोट-संक्रमण या फिर हृदय स्वास्थ्य की समस्याएं इस तरह की दिक्कतों का कारण हो सकती हैं। आमतौर पर इस प्रकार के दर्द को हृदय रोगों की समस्या मान लिया जाता है, पर हर बार ये हृदय रोगों के कारण ही हो रही हो ये जरूरी नहीं है। इसकी कई और वजहें हो सकती हैं जिनपर भी ध्यान देना आवश्यक हो जाता है।
Chest Pain: छाती में दर्द होना हर बार हार्ट की समस्या नहीं, इन स्थितियों में भी हो सकती है ये दिक्कत
गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल समस्याएं
कई प्रकार की गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल स्थितियां सीने में दर्द का कारण बन सकती हैं। गैस्ट्रोएसोफेगल रिफ्लक्स डिजीज (जीईआरडी) वाले रोगियों में ये समस्या होना काफी सामान्य है। यह पेप्टिक अल्सर, गैस्ट्रिटिस या ऐंठन का भी कारण बन सकती है। चूंकि गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल और हृदय रोग, दोनों स्थितियों में होने वाले छाती के दर्द में लक्षण बहुत हद तक एक जैसे ही होते हैं, इसलिए लोगों में इसको लेकर कंफ्यूजन हो सकता है।
पैनिक अटैक की स्थिति
पैनिक अटैक, मानसिक स्वास्थ्य के विकारों जैसे स्ट्रेस और एंग्जाइटी के कारण बढ़ सकती है, इसमें ब्लड प्रेशर बढ़ने के साथ आपको छाती में दर्द महसूस हो सकता है। तनाव के प्रति शरीर की इस प्रतिक्रिया से मांसपेशियों में तनाव, श्वास और सीने में जकड़न होने लगती है। चिंता या घबराहट का अनुभव करने वाले लोगों में ये दिक्कत अधिक देखी जाती रही है, इसका समय पर निदान और उपचार आवश्यक है।
मस्कुलोस्केलेटल समस्याएं
छाती में होने वाला दर्द हर बार हृदय रोगों के कारण हो ये जरूरी नहीं है, कुछ स्थितियों में ये मस्कुलोस्केलेटल समस्याओं का भी संकेत हो सकती है। इस स्थिति में मांसपेशियों, हड्डियों, टेंडन, लिगामेंट्स और अन्य संरचनाओं में दिक्कत होने लगती है। इन स्थितियों में सीने में दर्द मुख्य रूप से छाती और ऊपरी पीठ हिस्से में अधिक होता है। भारी सामान उठाने या ज्यादा मेहनत वाले काम करने की स्थिति में ये दर्द बढ़ने लगता है।
हृदय रोगों में छाती का दर्द होना
सीने में दर्द होने को सामान्यतौर पर हृदय रोग की समस्या मान लिया जाता है। हार्ट की समस्याओं में छाती में होने वाला दर्द हल्के से लेकर गंभीर तक हो सकता है। हार्ट अटैक की स्थिति में भी इस तरह का दर्द होना काफी सामान्य लक्षण हो सकता है। हार्ट अटैक गंभीर और जानलेवा स्थिति है, जिसमें तुरंत डॉक्टरी सहायता और उपचार प्राप्त करना जरूरी हो जाता है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।