ब्रेस्ट कैंसर, महिलाओं में सबसे कॉमन कैंसर का प्रकार है। एक अनुमान के अनुसार 8 में से एक महिला को इस कैंसर का खतरा होता है। समय पर अगर इसका निदान हो जाए तो उपचार के माध्यम से जान बचाना और कैंसर को बढ़ने से रोकने में मदद मिल सकती है। ब्रेस्ट कैंसर की शिकार 39 में से एक महिला की मौत हो जाती है।
World Cancer Day 2026: महिलाओं में स्तन कैंसर ही नहीं, इस खतरनाक कैंसर के भी तेजी से बढ़ रहे हैं मामले
ब्रेस्ट कैंसर के साथ-साथ महिलाओं में ओवेरियन कैंसर भी बड़ा खतरा बनकर उभरा है। इसे ब्रेस्ट कैंसर की तरह ही खतरनाक माना जाता है, निदान के बाद इस कैंसर की शिकार महिला की जीवन अवधि एक-दो साल तक की मानी जाती है।
ओवेरियन कैंसर का खतरा और लक्षण
ओवरी में कोशिकाओं के असामान्य विकास की समस्या इसमें कैंसर का कारण बन सकती है। उम्र बढ़ने के साथ और शरीर का वजन अधिक होना इस कैंसर के प्रमुख कारकों में से एक है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, इस समस्या पर गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता होती है।
- अध्ययनकर्ताओं ने पाया कि वंशानुगत जीन परिवर्तन के कारण ओवेरियन कैंसर का खतरा बढ़ जाता है, अमूमन इन्हीं जीन को ब्रेस्ट कैंसर के खतरे को भी बढ़ाने वाला पाया गया है।
- इसके अलावा यदि आपके परिवार में किसी को इस कैंसर की समस्या रही है।
- आप अधिक वजन या मोटापे की शिकार हैं या फिर पोस्टमेनोपॉजल हार्मोन रिप्लेसमेंट थेरेपी ले रही हैं तो भी इस कैंसर के विकसित होने का खतरा रहता है।
लक्षणों के पहचान और समय पर उपचार से कैंसर को बढ़ने से रोकने में मदद मिल सकती है।
ओवेरियन कैंसर के लक्षणों के बारे में जानिए
ओवेरियन कैंसर की शुरुआती स्थिति में अक्सर नोटिस करने वाले लक्षण नजर नहीं आते हैं। कैंसर कोशिकाओं के बढ़ने के साथ कई प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी जटिलताएं इस कैंसर का सूचक हो सकती हैं, जिनपर शीघ्रता से ध्यान दिया जाना आवश्यक होता है।
- अक्सर पेट फूलने या सूजन की दिक्कत
- खाते समय जल्दी पेट भरा हुआ महसूस होना।
- वजन कम होते रहना।
- पेल्विक हिस्से में दर्द और असहजता।
- थकान-पीठ दर्द
- बार-बार पेशाब करने की आवश्यकता होना
ओवेरियन कैंसर से बचाव के तरीके
इस प्रकार के कैंसर से बचने का कोई खास तरीका नहीं है, हालांकि माना जाता है कि आहार-दिनचर्या को ठीक रखने वाले उपाय करके इसके जोखिम से बचा जा सकता है। हर दिन 30 मिनट व्यायाम का लक्ष्य बनाएं यह अपके जोखिम को 20% तक कम कर सकता है।
सक्रिय जीवनशैली के साथ, आहार की पौष्टिकता को ध्यान में रखना कैंसर से सुरक्षित रखने में आपके लिए सहायक हो सकता है।
---------------------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
