होली आ गई है और त्योहार का स्वाद बढ़ाने के लिए आपने मावा और मैदा तो मंगवा ही लिया होगा। गुजिया बनाने की तैयारी भी शुरू कर दी होगी। दादी नानी की रेसिपीज हो या यूट्यूब हो, गुजिया बनाना तो आप कहीं से भी सीख लेते हैं लेकिन उसे तलते समय छोटी सी चूक से गुजिया फट सकती है। गुजिया तलते समय अगर एक भी गुजिया फट जाए तो कढ़ाई का तेल, स्वाद और मेहनत तीनों खराब हो सकती है।
Holi 2026: होली पर गुजिया फट जाए तो क्या करें? इन टिप्स से तेल भी बचेगा और मिठास भी रहेगी बरकरार
Gujiya Frying Tips: अगर होली पर 1-2 गुजिया फूट भी जाएं तो घबराने की जरूरत नहीं। सही समय पर आंच कम करना, तेल छानना और अगली गुजिया को बेहतर तरीके से सील करना, यही असली समाधान है।
अगर तेल में गुजिया फट जाए तो तुरंत क्या करें?
गैस तुरंत धीमी करें
तेल बहुत गरम होगा तो फटी हुई गुजिया और टूटेगी। तुरंत आंच कम करें।
छन्नी से भरावन निकालें
जो खोया या सूजी तेल में फैल गई है, उसे तुरंत छानकर निकाल लें। वरना वह जलकर तेल को कड़वा कर देगी।
तेल छान लें
अगर दो से तीन गुजिया फट गई हैं और तेल में काफी भरावन फैल गया है, तो सबसे पहले गैस बंद करें। तेल थोड़ा ठंडा होने दें, फिर बारीक छलनी या मलमल कपड़े से छान लें। इससे तेल दोबारा उपयोग लायक हो जाएगा।
आगे की गुजिया सही बनाने के लिए ये उपाय अपनाएं
किनारों को सही तरीके से सील करें
-
किनारों पर हल्का पानी या मैदा-पानी का पेस्ट लगाएं।
-
कांटे से दबाकर डिजाइन बनाएं।
-
अगर संभव हो तो गुजिया मोल्ड का इस्तेमाल करें।
भरावन ज्यादा न भरें
गुजिया 70-75% ही भरें। ज्यादा भरने से तलते समय दबाव बढ़ता है और गुजिया फट सकती है।
आटा थोड़ा कड़ा गूंधें
गुजिया का आटा रोटी से थोड़ा कड़ा होना चाहिए। नरम आटा तेल में कमजोर पड़ जाता है।
तलने से पहले 10-15 मिनट सुखाएं
भरी हुई गुजिया को कपड़े पर रखकर 10–15 मिनट हवा लगने दें। इससे बाहरी परत थोड़ी सख्त हो जाती है।
मध्यम आंच पर तलें
तेल बहुत तेज होगा तो गुजिया बाहर से तुरंत सुनहरी हो जाएगी और अंदर दबाव से फट सकती है। धीमी से मध्यम आंच पर तलना सबसे सही तरीका है।
तेल खराब होने से कैसे बचाएं?
-
तलने से पहले तेल पूरी तरह साफ हो
-
हर बैच के बाद तेल में जले कण निकालते रहें
-
एक साथ बहुत सारी गुजिया न डालें
-
एक बार में 4–5 ही तलें जो कि कढ़ाही के आकार पर निर्भर है।
क्या फटी हुई गुजिया फेंक दें?
जरूरी नहीं। अगर गुजिया ज्यादा नहीं जली है तो उसे चूरा बनाकर ड्राईफ्रूट के साथ गुजिया क्रम्ब डेजर्ट बना सकते हैं। रबड़ी या आइसक्रीम के ऊपर टॉपिंग की तरह उपयोग कर सकते हैं यानी नुकसान को भी स्वाद में बदला जा सकता है।
हलवाई स्टाइल सीक्रेट
- आटे में 2-3 बड़े चम्मच मोयन जरूर डालें
- मोयन कम होगा तो परत कुरकुरी नहीं बनेगी
- गुजिया को तलने से पहले हल्के हाथ से दबाकर हवा निकाल दें।