सर्दियों में बर्फबारी का मजा लेने के लिए हजारों की संख्या में पर्यटक कुल्लू और मनाली का रुख करते हैं। हिमाचल की खूबसूरत वादियों में घूमने का अलग ही मजा होता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि केवल कुल्लू मनाली ही नहीं, इसके आसपास भी ऐसी कई जगहें हैं, जहां घूमने का शानदार अनुभव होता है। अक्सर मनाली जाने वाले लोग इन जगहों की सैर नहीं कर पाते। अगर आप मनाली जा रहे हैं, तो इन जगहों पर जरूर जाएं, आपको एहसास होगा कि आप यहां पहले क्यों नहीं आएं? हम बता रहे हैं कौन सी हैं वो जगहें:
केवल मनाली ही नहीं इसके आसपास की ये जगहें भी हैं शानदार, जाएं तो घूमना न भूलें
वशिष्ठ
मनाली से केवल 19 किमी दूर बना है छोटा सा कस्बा वशिष्ठ। ये जगह प्राकृतिक सुंदरता से भरी हुई है। इस जगह के बारे में बहुत सी पौराणिक मान्यताएं भी प्रचलित है, जिनके बारे में सुनकर आप आश्चर्य में पड़ जाएंगे। मंदिरों के इस गढ़ में एक गर्म पानी का सोता है, जिसके बारे में कहा जाता है कि अगर इस पानी में नहा लें तो शरीर के सारे त्वचा रोग मिट जाते हैं। तो अगली बार जब मनाली जाएं तो एक बार इस जगह की सैर के लिए जरूर जाएं।
गुलाबा
मनाली से ही 26 किमी दूर बना है गुलाबा। यहां के नजारे मनाली से भी ज्यादा सुंदर है। इस जगह का नाम कश्मीर के राजा गुलाब सिंह के नाम पर रखा गया है। हरी घास के मैदान और बर्फ से ढंकी पहाड़ों की चोटियां इस अद्भुत नजारे को देखना है तो एक बार इस गुलाबा का रुख जरूर करें।
जगत्सुख
मनाली से एक घंटे की दूरी पर एक छोटा सा गांव हैं जगत्सुख। नग्गर से मनाली के रास्ते में बसा हुआ ये गांव होममेड चीज के लिए भी जाना जाता है। इस जगह पर भी प्राकृतिक सुंदरता के साथ ही बहुत से पुराने मंदिर देखने को मिलेंगे। अगर आप यहां जाएं तो होममेड चीज खरीदना न भूलें।
जीभी
अगर पहाड़ों पर गा़ड़ी चलाने में आपको कोई दिक्कत नहीं है तो तीन घंटे की दूरी पर बना है, सबसे खूबसूरत टूरिस्ट डेस्टिनेशन जीभी। इस गांव की खासियत ये है कि यहां पर आप ट्रैकिंग का लुत्फ आराम से उठा सकते हैं। यहां पर आपके खोने या लापता होने का डर नहीं रहता क्योंकि इन रास्तों पर खुद गांव वालों ने निशान बनाए है। तो अगर आप एडवेंचर के शौकीन है और ट्रैकिंग करना पसंद है तो जीभी आपके लिए सबसे बढ़िया ट्रैक है।