राममंदिर निर्माण शुरू होने के बाद रामनगरी में श्रद्धालुओं की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। ऐसे में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिले इसको लेकर शासन ने कई योजनाओं पर काम शुरू किया है। इसी क्रम में पर्यटन विभाग द्वारा रामनगरी में प्रशिक्षित गाइड तैयार किए जा रहे हैं जो श्रद्धालुओं को रामनगरी की धार्मिक आभा से रूबरू कराएंगे। पहले चरण में दस दिवसीय प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया है। जिसमें रामनगरी के अनुभवी लोगों द्वारा अयोध्या सहित आस-पास के जिलों के 239 छात्रों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इससे अयोध्या परिक्षेत्र में प्रशिक्षित गाइड उपलब्ध हो सकेंगे। जिससे यहां आने वाले पर्यटक/ श्रद्धालुओं को कोई कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ेगा।
अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या में तेजी से इजाफा, धार्मिक आभा से रूबरू कराएंगे ये गाइड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सरयू के तट पर श्री राम की जन्मभूमि, अयोध्या का स्वर्णिम इतिहास, धार्मिक महत्त्व, मंदिर, पौराणिक गाथाएं आदि अनादिकाल से पर्यटकों/ श्रद्धालुओं को अयोध्या की ओर आकर्षित करती रही हैं। यहां की समृद्ध विरासत को जन-जन तक पहुंचाने के लिए क्षेत्रीय गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम बेहद कारगर साबित हो सकता है। प्रशिक्षण प्राप्त गाइड पर्यटकों व श्रद्धालुओं को अयोध्या परिक्षेत्र से जुड़ी सभी जानकारी प्रदान करने में सक्षम हो सकेंगे। अयोध्या की सांस्कृतिक धरोहर, संस्कृति, इतिहास, सामाजिक संरचना, स्थानीय रीति-रिवाज, खानपान आदि से प्रशिक्षित गाइड श्रद्धालुओं को अवगत कराएंगे।
अयोध्या, बनारस के छात्रों को दिया जा रहा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण में अयोध्या, बनारस सहित लखनऊ, गोरखपुर आदि जिले के छात्रों को शहर के फोरसी इंस्टीट्यूट में भी प्रशिक्षित किया जा रहा है। छात्रों को हिंदी व अंग्रेजी भाषा में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के तहत आठ दिनों तक छात्रों की कक्षाएं चलेंगी जबकि दो दिनों तक छात्रों को संपूर्ण अयोध्या का भ्रमण कराकर प्रमुख स्थलों से परिचित कराया जाएगा। रामनगरी के प्रबुद्घजनों साहित्यकार, इतिहासकार, संत-धर्माचार्यों द्वारा छात्रों को प्रशिक्षित कर प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा।
सांसद ने किया प्रशिक्षण का शुभारंभ
10 दिवसीय क्षेत्रीय गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है। पर्यटन विभाग उत्तर प्रदेश सरकार व कांशीराम पर्यटन प्रबंध संस्थान लखनऊ द्वारा अयोध्या में क्षेत्रीय पर्यटन कार्यालय के सहयोग से रविवार को अयोध्या क्षेत्रीय गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद लल्लू सिंह ने किया। कहा कि अयोध्या आने वालों को बेहतर सुविधा मिले सरकार इसका पूरा प्रयास कर रही है। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी आरपी यादव, निदेशक कांशीराम पर्यटन प्रबंध संस्थान लखनऊ डॉ अनुश्री बनर्जी आदि मौजूद रहे।