चित्तौड़गढ़ जिले के पारसोली थाना क्षेत्र स्थित ओराई डैम में महिला की हत्या कर फेंके गए शव के मामले में पुलिस ने अंधे हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो मृतका का प्रेमी बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी प्रेमिका की लगातार परेशान करने वाली हरकतों से तंग आ चुका था। इसी कारण उसने उसकी निर्दयतापूर्वक हत्या कर शव को पत्थर बांधकर डैम में फेंक दिया।
प्यार, झगड़ा और हत्या: चित्तौड़गढ़ में अंधे हत्याकांड का खुलासा, प्रेमी ने किया था बेरहमी से कत्ल; जानें सबकुछ
Chittorgarh Blind Murder Case: पुलिस पूछताछ में आरोपी प्रेमी ने सोनिया की हत्या करना स्वीकार कर लिया। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि दोनों शराब के आदी थे और सोनिया अक्सर बिना समय देखे उसके पास पहुंच जाती थी। पढ़ें पूरी खबर...।
डैम में मिला था लाश का रहस्यमयी सुराग
चित्तौड़गढ़ के पारसोली थाना क्षेत्र के ओराई डैम पर 25 जुलाई को एक अज्ञात महिला का शव तैरता हुआ मिला था। इसकी सूचना डैम पर तैनात शंभूलाल पुत्र कन्हैयालाल शर्मा ने थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को डैम से बाहर निकाला गया। शव को हरे मैट में लपेटकर एक भारी 30-35 किलो के पत्थर के साथ बांधा गया था ताकि वह पानी में डूबा रहे और किसी को दिखे नहीं। शव की हालत चार-पांच दिन पुराने होने के कारण काफी अधगली अवस्था में थी, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था। पुलिस ने शव को जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
यह भी पढ़ें- Banswara News: संदिग्ध हालात में दंपति की मौत, जमीन पर पड़ी थी पत्नी की लाश, पति फंदे से लटका मिला; जानें
पुलिस को ऐसे मिली सफलता
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के निर्देशन में और बेगूं डिप्टी अंजली सिंह के नेतृत्व में पारसोली थानाधिकारी शिवराज राव के संयोजन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने इलाके से लापता महिलाओं की जानकारी जुटाई और ओराई डैम के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इस तकनीकी व सबूत आधारित प्रयासों के बाद मृतका की पहचान पारसोली निवासी सोनू उर्फ सोनिया पुत्री प्रेम भील के रूप में हुई, जो 21 जुलाई से लापता थी। जांच में सामने आया कि उसे आखिरी बार सत्तु उर्फ सत्यनारायण हजूरी के साथ देखा गया था, जो तखतपुरा निवासी है।
प्रेम में तनाव, झगड़े और अंत में हत्या
पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपी सत्यनारायण को ट्रेस कर डिटेन किया। पूछताछ में उसने सोनिया की हत्या करना स्वीकार कर लिया। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि दोनों शराब के आदी थे और सोनिया अक्सर बिना समय देखे उसके पास पहुंच जाती थी, जिससे आरोपी मानसिक रूप से परेशान था।
घटना वाले दिन भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद आरोपी ने क्रोधित होकर हत्या की योजना बना ली और उसे अंजाम दिया। हत्या के बाद शव को मैट में लपेट कर पत्थर बांधा गया और डैम में फेंक दिया ताकि पहचान न हो सके।
यह भी पढ़ें- Barmer News: खेजड़ी वृक्षों की कटाई पर भड़के विधायक रविन्द्र भाटी, सोलर कंपनियों पर लगाया सबूत जलाने का आरोप
जांच अभी जारी, अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस
आरोपी को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया है। उससे अभी पूछताछ जारी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हत्या की योजना में कोई और भी शामिल था या नहीं। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की संलिप्तता को लेकर भी गहन अनुसंधान कर रही है। बेगूं डिप्टी अंजली सिंह ने बताया कि मामला पूरी तरह प्रेम प्रसंग से जुड़ा है, लेकिन हत्या की बारीकियों और उसके पीछे की गहराई से जांच की जा रही है। जल्द ही अन्य तथ्यों से भी पर्दा उठेगा।