पंजाब में पकड़ा पाकिस्तानी जासूस: दुश्मनों को भेजी सेना की खुफिया जानकारी; हरपाल का मोबाइल और सीडी खोलेंगे राज
पंजाब के अमृतसर में पाकिस्तानी जासूस पकड़ा गया है। आरोपी ने देश के दुश्मनों तक भारतीय सेना से जुड़ी खुफिया जानकारी पहुंचाई है। आरोपी से एक सीडी और मोबाइल भी मिला है, जिनकी जांच की जा रही है।
विस्तार
स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) ने जासूसी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान हरपाल सिंह (35) के रूप में हुई है, जो पेशे से किसान बताया जा रहा है। आरोप है कि वह भारतीय सेना से जुड़ी संवेदनशील सूचनाएं पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी को भेज रहा था।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हरपाल सिंह पिछले करीब एक वर्ष से पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के संपर्क में था। इस संबंध में सुरक्षा एजेंसियों को गोपनीय जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर निगरानी बढ़ाई गई और कार्रवाई की गई। नाकेबंदी के दौरान आरोपी को हिरासत में लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और एक सीडी बरामद होने की जानकारी दी गई है। प्रारंभिक जांच में मोबाइल फोन से कुछ पाकिस्तानी नंबर मिलने का दावा किया गया है, जिससे सीमा पार संपर्क होने की आशंका जताई जा रही है। बरामद सामग्री को जांच के लिए भेजा गया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी अमृतसर जिले की तहसील अजनाला के सीमावर्ती क्षेत्र का निवासी है। सीमा से सटे इलाके में रहने के कारण उसकी गतिविधियों पर पहले से नजर रखी जा रही थी। पूछताछ के दौरान यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि सूचनाएं किन माध्यमों से साझा की गईं और क्या इस नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं। फिलहाल आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे प्रकरण को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मानते हुए तथ्यों की गहन पड़ताल कर रही हैं।
अमृतसर में सीमा के पास एक घर से 25 किलो हेरोइन और हथियार जब्त
भारत–पाकिस्तान सीमा से सटे गांवों घोगा में पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने संयुक्त कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में हेरोइन बरामद की है। इस गांव एक घर से 25 किलोग्राम हेरोइन जब्त की गई। पुलिस के अनुसार, बरामद नशे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 125 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उन्हें सीमा पार से नशीले पदार्थ भेजे जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर इलाके में निगरानी बढ़ाई गई और संयुक्त ऑपरेशन चलाया गया। तलाशी के दौरान संदिग्ध मकान से पैकेटों में छिपाकर रखी गई हेरोइन बरामद हुई।
कार्रवाई के दौरान नशीले पदार्थों के साथ हथियार भी मिले हैं। पुलिस ने मौके से दो पिस्तौल, चार मैगजीन और 60 जिंदा कारतूस जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह खेप पाकिस्तान की ओर से ड्रोन या अन्य माध्यमों से सीमा पार भेजी गई थी, जिसे आगे पंजाब के अन्य इलाकों में सप्लाई किया जाना था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि जिस घर से बरामदगी हुई, उसका मालिक कौन है और इस तस्करी नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। पुलिस का कहना है कि बरामद सामग्री की फॉरेंसिक और तकनीकी जांच कर आगे की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।