विदेश में पंजाब की युवती का मर्डर: दिनदहाड़े गोली मार उतारा मौत के घाट, स्टडी वीजा पर थी नवनीत कौर
अमृतसर की युवती की कनाडा में हत्या का मामला सामने आया है। नवनीत कौर पांच साल पहले स्टडी वीजा पर विदेश गई थी। परिजनों ने कनाडा सरकार से इंसाफ की गुहार लगाई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कनाडा के टोरंटो में अमृतसर की 26 वर्षीय नवनीत कौर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों का आरोप है कि एकतरफा प्रेम में पड़कर पंजाब का रहने वाला शरणजीत लंबे समय से नवनीत को परेशान कर रहा था। इस संबंध में पहले ही कनाडा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन पर्याप्त कार्रवाई नहीं होने के कारण यह दर्दनाक घटना हुई।
पांच साल पहले स्टडी वीजा पर गई थी नवनीत
नवनीत के पिता हरभजन सिंह और चाचा बलबीर सिंह ने बताया कि नवनीत करीब पांच वर्ष पहले स्टडी वीजा पर कनाडा गई थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद उसे वर्क परमिट मिला और बाद में पीआर मिलने पर वह एक बैंक में नौकरी करने लगी। करीब एक माह पहले वह चार साल बाद अपने परिवार से मिलने अमृतसर आई थी। 27 जून को उसने अमृत छका और 29 जून को वापस कनाडा लौट गई।
परिवार के अनुसार, कोटकपूरा निवासी शरणजीत पिछले कई महीनों से उसका पीछा कर रहा था, लगातार फोन करता था और बैंक तक पहुंच जाता था। शिकायत के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार भी किया था और मामला कोर्ट में विचाराधीन था। इसके बावजूद वह नवनीत तक दोबारा पहुंच गया। परिजनों ने बताया कि घटना वाले दिन सुबह करीब साढ़े सात बजे नवनीत बैंक जाने के लिए बस स्टॉप पर खड़ी थी और अपने भाई से वीडियो कॉल पर बात कर रही थी। तभी उसने कहा, "शरण आ गया है।" इसके कुछ ही सेकंड बाद फोन कट गया। बाद में परिवार को उसकी हत्या की सूचना मिली।
परिवार का कहना है कि जब आरोपी के खिलाफ पहले से मामला दर्ज था और अदालत में सुनवाई चल रही थी, तब वह खुलेआम कैसे घूम रहा था और उसके पास हथियार कैसे पहुंचा। परिजनों ने कनाडा सरकार से निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच, आरोपी को कड़ी सजा तथा भारत सरकार से नवनीत का पार्थिव शरीर जल्द भारत लाने में सहायता की मांग की है। साथ ही परिवार ने अपनी सुरक्षा की भी मांग की है, क्योंकि उनका दावा है कि उन्हें भी पहले धमकियां मिल चुकी हैं।