जानकीदास हत्याकांड: कैशियर काउंटर पर चश्मा लगाकर बैठे मोटे आदमी को मारने का था टारगेट, गलत पहचान से हो गई चूक
सीन रिक्रिएशन के दौरान आरोपी के बयानों का सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों से मिलान किया गया। पुलिस का मानना है कि इस प्रक्रिया से हत्या की साजिश, टारगेट की पहचान और आरोपियों की भूमिका से जुड़े कई अहम पहलुओं की पुष्टि होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ सेक्टर-11 के चर्चित श्री कुमार केमिस्ट के कैशियर जानकीदास हत्याकांड की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक शूटरों को कैश काउंटर पर चश्मा लगाए मोटे व्यक्ति को निशाना बनाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन पहचान की चूक में कैशियर जानकीदास की हत्या कर दी गई।
सोमवार को सेक्टर-11 थाना पुलिस ने मामले के मुख्य साजिशकर्ता अमित कुमार उर्फ शराबी को घटनास्थल पर ले जाकर सीन रिक्रिएट कराया जिसमें वारदात से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आए।
अदालत से पांच दिन का पुलिस रिमांड मिलने के बाद शाम करीब साढ़े चार बजे पुलिस आरोपी को कड़ी सुरक्षा के बीच सेक्टर-11 की कैमिस्ट मार्केट लेकर पहुंची। करीब एक घंटे तक चले सीन रिक्रिएशन के दौरान हत्या की साजिश, शूटरों की मूवमेंट और टारगेट की पहचान से जुड़े हर पहलू की पड़ताल की गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पूछताछ में अमित शराबी ने बताया कि वह सबसे पहले कुमार ब्रदर्स पहुंचा लेकिन वहां कैश काउंटर पर उसे बताई गई पहचान का व्यक्ति नहीं मिला। इसके बाद वह कुमार कैमिस्ट की ओर गया। मार्केट में एक जैसे नाम की कई दुकानें होने के कारण वह कुछ देर तक भ्रमित रहा। आखिरकार जब वह श्री कुमार कैमिस्ट पहुंचा तो कैश काउंटर पर बैठे जानकीदास का हुलिया बताई गई पहचान से मिलता-जुलता लगा। इसके बाद आरोपी सन्नी मेहरा ने जानकीदास पर गोलियां चला दीं जबकि अमित भी उसके साथ दुकान के भीतर मौजूद था।
जांच अधिकारियों के अनुसार सीन रिक्रिएशन के दौरान आरोपी के बयानों का सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों से मिलान किया गया। पुलिस का मानना है कि इस प्रक्रिया से हत्या की साजिश, टारगेट की पहचान और आरोपियों की भूमिका से जुड़े कई अहम पहलुओं की पुष्टि होगी।
रोहित माखन ने कराई थी गोल्डी ढिल्लों से बात
पुलिस सूत्रों के अनुसार जेल में बंद रोहित माखन ने अमित शराबी की बातचीत गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों से कराई थी। इसके बाद गोल्डी ढिल्लों ने सेक्टर-11 की कैमिस्ट मार्केट में टारगेट किलिंग की सुपारी दी। पुलिस का दावा है कि गोल्डी ढिल्लों और रोहित माखन ने आरोपी को वारदात का पूरा रूट मैप भी समझाया था। अमित डिब्बा गोल और सिग्नल एप के जरिये लगातार गोल्डी ढिल्लों के संपर्क में था।
चश्मा लगाए मोटे व्यक्ति को बनाया था निशाना
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि शूटरों को हत्या के लिए दो स्पष्ट पहचान बताई गई थीं। उन्हें कहा गया था कि सेक्टर-11 के कुमार मेडिकल में कैश काउंटर पर चश्मा लगाए एक मोटा व्यक्ति मिलेगा, उसी को निशाना बनाना है।
पहचान की चूक, जानकीदास की चली गई जान
पुलिस सूत्रों का दावा है कि जानकीदास असली टारगेट नहीं था। निशाना कैमिस्ट का मालिक था, जिसकी पहचान चश्मा लगाए मोटे व्यक्ति के रूप में बताई गई थी। चूंकि कैश काउंटर पर बैठे जानकीदास का हुलिया उसी पहचान से मेल खा गया, इसलिए शूटरों ने उसे ही गोलियों का निशाना बना दिया।
अब रोहित माखन से भी होगी पूछताछ
जांच एजेंसियां अब रोहित माखन को भी प्रोडक्शन वारंट पर चंडीगढ़ लाने की तैयारी कर रही हैं। पुलिस का मानना है कि गोल्डी ढिल्लों और अमित शराबी के बीच संपर्क स्थापित कराने में उसकी अहम भूमिका रही। ऐसे में उससे पूछताछ के बाद हत्या की साजिश और सुपारी नेटवर्क से जुड़े कई और अहम खुलासे होने की उम्मीद है।
अमित शराबी का रिमांड पांच दिन और बढ़ा
अमित शराबी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सोमवार को चंडीगढ़ पुलिस ने उसे जिला अदालत में पेश किया जहां अदालत ने पांच दिन का पुलिस रिमांड और मंजूर कर दिया। इससे पहले वह चार दिन के रिमांड पर था। अब पुलिस उसे 11 जुलाई को दोबारा अदालत में पेश करेगी।जांच एजेंसियों के अनुसार विस्तारित रिमांड के दौरान हत्या की साजिश की पूरी परतें खोलने पर फोकस रहेगा। चंडीगढ़ पुलिस 2 जुलाई को अमित शराबी को जम्मू के सांबा स्थित जेल से प्रोडक्शन वारंट पर पूछताछ के लिए चंडीगढ़ लाई थी। जांच के दौरान उसका आमना-सामना पहले से गिरफ्तार अन्य आरोपियों से भी कराया गया है। पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), वित्तीय लेनदेन और वारदात से पहले व बाद की गतिविधियों की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि डिजिटल साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मामले में नए तथ्य और अहम सबूत सामने आ सकते हैं।