{"_id":"69a9710421c7d9390e05fb55","slug":"high-speed-bmw-crushed-bike-rider-boy-in-ludhiana-2026-03-05","type":"story","status":"publish","title_hn":"'रईसजादे ने बेटे को मार दिया': लुधियाना में BMW ने बाइक को उड़ाया, माता-पिता के इकलौते बेटे को रौंदा, मौत","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
'रईसजादे ने बेटे को मार दिया': लुधियाना में BMW ने बाइक को उड़ाया, माता-पिता के इकलौते बेटे को रौंदा, मौत
संवाद न्यूज एजेंसी, लुधियाना (पंजाब)
Published by: Ankesh Kumar
Updated Thu, 05 Mar 2026 05:33 PM IST
विज्ञापन
सार
पंजाब के लुधियाना में तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू ने बाइक सवार युवक को बुरी तरह के रौंद दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक परिवार का इकलौता बेटा था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
लुधियाना के फुलावल चौक पर देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बीएमडब्ल्यू कार ने बाइक सवार 24 वर्षीय युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान लाल जी के रूप में हुई है, जो पेशे से माली था और काम खत्म कर अपने घर लौट रहा था। लाल जी अपने परिवार का इकलौता बेटा था और पूरे घर की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी।
Trending Videos
सूचना मिलने के बाद थाना सदर की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसा रात करीब 11:30 बजे उस समय हुआ जब लाल जी अपनी शिफ्ट पूरी कर घर वापस जा रहा था।
विज्ञापन
विज्ञापन
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लग्जरी कार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि बाइक सवार को संभलने का जरा भी मौका नहीं मिला। कार सवार युवक पास के ही एक पेट्रोल पंप से तेल डलवाकर निकला था और तेज गति में गाड़ी दौड़ा रहा था। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और लाल जी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का बुरा हाल है।
मोती बाग कॉलोनी निवासी लाल जी के पिता शारीरिक रूप से काम करने में असमर्थ हैं। क्योंकि उनके हाथ में रॉड डली हुई है। घर में बूढ़ी मां और लाचार पिता का भविष्य अब पूरी तरह अंधकार में डूब गया है। परिजनों ने रोते हुए बताया कि उनका बेटा ही घर का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था, जिसके सहारे पूरा परिवार पल रहा था।
हादसे से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने इंसाफ की मांग को लेकर वीरवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर यातायात ठप कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। करीब दो घंटे तक चले इस भारी हंगामे के बाद मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद धरना खत्म हुआ।
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और दुर्घटनाग्रस्त बीएमडब्ल्यू कार को कब्जे में ले लिया है। पुलिस अब कार के असली मालिक से भी पूछताछ करेगी। ताकि यह पूरी तरह स्पष्ट हो सके कि हादसे के वक्त कौन गाड़ी चला रहा था। मृतक के पिता ने कहा कि उनके बेकसूर बेटे को मारने वाले रईसजादे को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि किसी और का घर इस तरह न उजड़े।