Punjab Accident: बाइक सवार मां-बेटे की मौत, बोलेरो की टक्कर के बाद टायर के नीचे घसीटा, आंत आ गई बाहर
पंजाब के लुधियाना में सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई। दोनों बाइक पर सवार थे। तभी बोलेरो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बोलेरो चालक उन्हें घसीटता हुआ ले गया।
विस्तार
लुधियाना के गांव सुधार में दर्दनाक हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई। दोनों मां-बेटे बाइक पर रिश्तेदारों से मिलने जा रहे रहे थे। तभी उनकी बाइक को तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप ने टक्कर मार दी। मृतकों की पहचान मंदीप सिंह (35) और उसकी मां हरपाल कौर (60) को के तौर पर हुई है। चश्मदीदों के मुताबिक, बाइक को टक्कर मारने के बाद बोलेरो चालक दोनों को टायर के नीचे घसीटते हुए दूर तक ले गया। इस हादसे में मंदीप का पेट और सिर बुरी तरह से फट गए और आंत तक बाहर आ गई, जबकि हरपाल कौर को गंभीर चोटें आईं। दोनों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद बोलेरो पिकअप चालक फरार होने के लिए अपनी रफ्तार बढ़ा दी लेकिन राहगीरों ने बिना किसी भय के उसे घेर लिया और पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने पिकअप चालक की जमकर पिटाई की और फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। थाना जोधां के प्रभारी साहिबमीत सिंह ने बताया कि बोलेरो चालक परमिंदर सिंह, जो गांव लिबड़ा, जिला खन्ना का निवासी है, के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और वाहन को भी कब्जे में ले लिया गया है। शवों का पोस्टमार्टम लुधियाना के सिविल अस्पताल में किया गया।
शिकायतकर्ता सरदूल सिंह ने बताया कि मंदीप सिंह शादीशुदा था और दो बेटियों का पिता था। वीरवार शाम वह अपनी मां हरपाल कौर के साथ बाइक पर छपार गांव रिश्तेदारी जाने के लिए निकला था। जब वह छपार लताला लिंक रोड पर ओवरटेक कर रहा था तब महिंद्रा बोलेरो पिकअप के चालक ने तेज रफ्तार से आकर बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बोलेरो पिकअप चालक बाइक समेत दोनों को टायर के नीचे घसीटते हुए काफी दूर तक ले गया। राहगीरों ने तुरंत मदद की और एंबुलेंस को बुलाकर दोनों को अस्पताल भेजा जहां उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
परीक्षा देने जा रही छात्रा की हादसे में मौत, ट्रक चालक फरार
लुधियाना के माता रानी चौक पर शुक्रवार सुबह दुर्घटना में 11वीं की छात्रा रश्मि कुमारी (17) की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने रश्मि और उसके पिता मिथलेश की स्कूटी को टक्कर मारी, जिससे वह सड़क पर गिर गए।
ट्रक का पहिया रश्मि के ऊपर से गुजर गया, और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पिता मिथलेश भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि, एक ई-रिक्शा चालक ने घायल पिता और बेटी को अस्पताल ले जाने की कोशिश की लेकिन रश्मि ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।
रश्मि बिहार के नालंदा जिले के गांव मसिहा की रहने वाली थी और इन दिनों अपने पिता के पास लुधियाना आई हुई थी। वह बिहार में अपनी 11वीं की परीक्षा देने के लिए शुक्रवार सुबह 8:30 बजे की ट्रेन पकड़ने जा रही थी। सुबह करीब 7:30 बजे जब वह अपने पिता के साथ स्कूटी पर माता रानी चौक पहुंचे, तो अचानक एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना खतरनाक था कि रश्मि का पेट बुरी तरह से फट गया और वह खून से लथपथ सड़क पर पड़ी रही।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस को सूचना मिलने के बाद थाना कोतवाली के एएसआई बलराज और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है और नंबर के आधार पर मालिक व फरार ड्राइवर की तलाश की जा रही है।