Dausa News: रिश्तों का कत्ल! बेटे ने पिता के सिर पर बाल्टी से किया वार, इलाज के दौरान मौत
राजस्थान के दौसा जिले के महवा थाना क्षेत्र के हुडला गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई। परिवार में हुए विवाद के दौरान मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जा रहे बेटे ने अपने पिता नाथूराम बैरवा के सिर पर लोहे की बाल्टी से हमला कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजस्थान के दौसा जिले के महवा उपखंड में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। महवा थाना क्षेत्र के हुडला गांव में एक बेटे ने अपने ही पिता पर लोहे की बाल्टी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता को पहले महवा जिला अस्पताल और फिर जयपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
खर्च के लिए पैसे मांगने पर हुआ विवाद
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृतक नाथूराम बैरवा और उनके बेटे अनिल कुमार बैरवा के बीच खर्च के लिए पैसे देने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान पिता ने बेटे को डांट दिया। इससे नाराज होकर अनिल ने पहले लाठी से हमला करने और फिर लोहे की बाल्टी से पिता के सिर पर जोरदार वार कर दिया। हमले में नाथूराम गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
महवा से जयपुर रेफर, इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद परिजन नाथूराम को महवा जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जयपुर रेफर कर दिया। जयपुर में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई और शव परिजनों को सौंप दिया।
आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ, पुलिस कर रही जांच
महवा थाना प्रभारी महेंद्र यादव ने बताया कि हुडला गांव निवासी 55 वर्षीय नाथूराम बैरवा का बेटा अनिल कुमार बैरवा मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। रविवार शाम परिवार में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान अनिल ने अपने पिता के सिर पर लोहे की बाल्टी से जोरदार वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
ये भी पढ़ें: फर्जी एफएमजीई सर्टिफिकेट मामला: एसओजी ने विदेश से एमबीबीएस करने वाले एक और डॉक्टर को किया गिरफ्तार
अब तक दर्ज नहीं हुई कोई शिकायत
पुलिस के अनुसार, जयपुर में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गांव में मातम, घटना से लोग स्तब्ध
इस दर्दनाक घटना के बाद हुडला गांव में शोक का माहौल है। पिता की हत्या के आरोप में बेटे का नाम सामने आने से ग्रामीण भी स्तब्ध हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।