सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Hanumangarh News ›   Hanumangarh: Police Crack Down on International Gangster Network, Key Crime Syndicate Aide Arrested

Hanumangarh News: अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टर नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा, अपराध सिंडिकेट का अहम सहयोगी हिरासत में

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हनुमानगढ़ Published by: हनुमानगढ़ ब्यूरो Updated Fri, 29 May 2026 07:24 PM IST
विज्ञापन
सार

हनुमानगढ़ पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े एक अहम सहयोगी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर रंगदारी की रकम के प्रबंधन और गैंग के सदस्यों को शरण देने का आरोप है। इस मामले में अब तक 16 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

Hanumangarh: Police Crack Down on International Gangster Network, Key Crime Syndicate Aide Arrested
आरोपी चंदनमल उर्फ चानन
विज्ञापन

विस्तार

संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना के निर्देशन में गोगामेड़ी थाना पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय अपराध सिंडिकेट से जुड़े एक अहम सहयोगी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी चन्दनमल उर्फ चानण (60) निवासी सवाई डेलाना, सरदारशहर है, जो विदेश में बैठकर कथित रूप से रंगदारी का नेटवर्क संचालित करने वाले महेंद्र डेलाना का पिता है। इस मामले में अब तक कुल 16 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।



एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि महेंद्र डेलाना फर्जी पासपोर्ट के जरिए विदेश भाग गया था और वहां से व्यापारियों व आम लोगों को धमकाकर रंगदारी मांगने का नेटवर्क संचालित कर रहा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि उससे प्राप्त होने वाली अवैध रकम को संभालने और उसके प्रबंधन की जिम्मेदारी उसके पिता चन्दनमल उर्फ चानण के पास थी।
विज्ञापन
विज्ञापन


पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि करीब 8-9 महीने पहले महेंद्र के कहने पर उसने बीकानेर रोड स्थित केपीएस स्कूल के बोर्ड के नीचे छिपाकर रखी गई 2.50 लाख रुपये की रंगदारी की राशि उठाकर ठिकाने लगाई थी।
विज्ञापन


ये भी पढ़ें: Kota: दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक के नीचे चल रहा था काम, अचानक धंसी मिट्टी और चली गई दो अधिकारियों की जान

पुलिस के अनुसार आरोपी केवल अवैध धन के प्रबंधन तक ही सीमित नहीं था, बल्कि वह रोहित गोदारा और वीरेन्द्र चारण गैंग के सदस्यों के लिए सुरक्षित ठिकाने भी उपलब्ध कराता था। जब भी गैंग के शूटर या सदस्य किसी वारदात के बाद फरार होते, तो चन्दनमल उन्हें अपने खेत में बनी ढाणी में शरण देता और पुलिस की नजरों से बचाने में मदद करता था। पुलिस ने बताया कि हाल ही में गैंग के सदस्य राजकुमार उर्फ राजू डेंटर और योगेश उर्फ जोगेंद्र को भी आरोपी ने अपने यहां छिपाकर रखा था।

गौरतलब है कि 29 अक्टूबर 2025 को एजीटीएफ हनुमानगढ़ की सूचना पर गोगामेड़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंग के शूटरों को गिरफ्तार कर क्षेत्र में संभावित बड़ी वारदात को टाल दिया था। इस पूरे मामले में अब तक 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 3 विदेशी हथियारों सहित कुल 5 पिस्तौल, 70 जिंदा कारतूस और 2 मैगजीन जब्त की हैं। इसके अलावा गैंग द्वारा उपयोग में ली जा रही बोलेरो कैंपर और एर्टिगा कार को भी जब्त किया जा चुका है।

पुलिस का कहना है कि चन्दनमल की गिरफ्तारी के साथ ही गैंग के वित्तीय और लॉजिस्टिक नेटवर्क की महत्वपूर्ण कड़ी हाथ लगी है। अब उसके बैंक खातों और अन्य वित्तीय लेन-देन की गहन जांच की जा रही है, ताकि गैंग की आर्थिक गतिविधियों और नेटवर्क का पूरा खुलासा किया जा सके।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed