Rajasthan News:युवाओं के दम पर ‘विकसित राजस्थान’ का दावा, सीएम भजनलाल का कांग्रेस पर सीधा हमला
जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवा शक्ति दिवस पर 485 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। 9432 युवाओं को प्रमाण पत्र और 403 स्टार्टअप्स को फंड दिया। साथ ही कांग्रेस पर भ्रष्टाचार और पेपरलीक को लेकर निशाना साधा।
विस्तार
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि विकसित भारत और विकसित राजस्थान के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।
मानसरोवर स्थित टैगोर इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित ‘राजस्थान युवा शक्ति दिवस’ कार्यक्रम में सीएम ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत दुनिया की सबसे बड़ी युवा आबादी वाला देश है और उनकी ऊर्जा से देश को वैश्विक स्तर पर अग्रणी बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा, कौशल विकास, उद्यमिता और खेल से जुड़े 485 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही 9,432 युवाओं को कौशल उन्नयन प्रमाण पत्र वितरित किए गए और 403 स्टार्टअप्स को वायबिलिटी गैप फंड के तहत 11.45 करोड़ रुपये के चेक सौंपे गए।
उन्होंने बताया कि बजट 2026-27 में युवाओं के सशक्तीकरण के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत युवाओं को ब्याजमुक्त ऋण दिया जा रहा है, वहीं जयपुर में अटल बिहारी वाजपेयी ग्लोबल सेंटर फॉर एडवांस्ड स्किलिंग की स्थापना और 50 पॉलिटेक्निक कॉलेजों में आईसीटी लैब स्थापित की जाएंगी।
यह भी पढ़ें- Rajasthan: सीकर में भयावह स्कूल बस हादसा, 36 बच्चे घायल, ओवरटेक की गलती ने मचा दी अफरा-तफरी!
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य युवाओं को रोजगार देने के साथ उन्हें रोजगार देने वाला बनाना है। सरकार 4 लाख सरकारी और 6 लाख निजी नौकरियों के लक्ष्य पर काम कर रही है, जिसमें अब तक 1.25 लाख नियुक्तियां दी जा चुकी हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के समय पेपरलीक से युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ, जबकि उनकी सरकार में एक भी पेपरलीक नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि पेपरलीक मामलों में सख्ती बरतते हुए अब तक 420 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
सीएम ने कांग्रेस पर जनकल्याणकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार और जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार किसी भी भ्रष्टाचारी को नहीं छोड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि जहां कांग्रेस ने पांच साल में 4148 घोषणाओं में से केवल 1900 पूरी कीं, वहीं उनकी सरकार ने दो साल में 2719 में से 2465 घोषणाओं को पूरा किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार जनता के लिए काम करने के लिए प्रतिबद्ध है और दिल्ली से प्रदेश के लिए विकास की सौगातें लाने का काम कर रही है, न कि सत्ता बचाने के लिए दौड़ लगा रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.