जयपुर के ट्रैफिक पर ‘कंट्रोल रूम की नजर’: जीब्रा लाइन लांघी तो स्पीकर से तुरंत मिलेगी चेतावनी
जयपुर में ट्रैफिक जाम और नियमों की अनदेखी पर लगाम लगाने के लिए जेडीए और पुलिस स्मार्ट तकनीक का सहारा ले रहे हैं। रामबाग चौराहे से शुरू हुए पायलट प्रोजेक्ट के तहत कंट्रोल रूम से वाहन चालकों को रियल टाइम चेतावनी दी जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजधानी जयपुर में बेतरतीब ट्रैफिक, रोजाना लगने वाले जाम और नियमों की अनदेखी पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने तकनीक का सहारा लिया है। शहर में एक नई सार्वजनिक उद्घोषणा (पब्लिक एड्रेस) प्रणाली शुरू की जा रही है, जिसके तहत ट्रैफिक सिग्नलों को सीधे पुलिस कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जोड़ा जा रहा है। इस व्यवस्था का पायलट प्रोजेक्ट फिलहाल रामबाग चौराहे पर शुरू किया गया है।
नई प्रणाली के तहत ट्रैफिक सिग्नल पर लगे हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे और लाउडस्पीकर वाहन चालकों की गतिविधियों पर नजर रखेंगे। यदि कोई चालक जीब्रा लाइन पार कर आगे खड़ा होता है या ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करता है, तो कंट्रोल सेंटर में मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत उसे नाम, वाहन नंबर या पहचान के आधार पर सार्वजनिक रूप से चेतावनी दे सकेंगे।
रामबाग चौराहे पर शुरू हुई इस व्यवस्था के शुरुआती दिनों में कई वाहन चालक उस समय चौंक गए, जब अचानक लाउडस्पीकर से उन्हें पीछे हटने या नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई। कई लोगों को यह एहसास ही नहीं था कि उनकी हर गतिविधि पर कंट्रोल सेंटर से नजर रखी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि केवल चालान और दंड से ट्रैफिक व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हो पा रहा था। ऐसे में रियल टाइम मॉनिटरिंग और मौके पर ही चेतावनी देने की यह व्यवस्था लोगों को नियमों के प्रति अधिक जागरूक बनाएगी और चौराहों पर अनावश्यक अव्यवस्था कम होगी।
जुलाई तक 24 प्रमुख जंक्शनों पर विस्तार
जयपुर विकास प्राधिकरण की ओर से शुरू किए गए इस पायलट प्रोजेक्ट की सफलता के बाद इस प्रणाली को शहर के 24 प्रमुख ट्रैफिक जंक्शनों पर लागू किया जाएगा। प्राधिकरण के आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि प्रस्तावित सूची में रामबाग चौराहा, नारायण सिंह तिराहा, यादवमार्ग तिराहा, गणेश मंदिर, ऑटोरिक्स चौराहा, सांगानेर सर्किल, इंडिया गेट, ट्रांसपोर्ट नगर, बड़ी चौपड़, त्रिवेणी नगर, गवर्नमेंट प्रेस चौराहा, 200 फीट चौराहा, सोडाला सर्किल, विजय द्वार, सीकर रोड, रेलवे स्टेशन, त्रिपोलिया गेट, छोटी चौपड़ और चांदपोल जैसे व्यस्त चौराहे शामिल हैं।