Jaipur Crime News: मालवीय नगर स्थित क्लब में देर रात चल रही थी हुक्का पार्टी, पड़ गया पुलिस का छापा
जयपुर के मालवीय नगर स्थित क्वीन्स हब क्लब में पुलिस ने हुक्का बार पर छापा मारकर मैनेजर को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में 3 हुक्के, 17 पाइप, 5 चिलम और तंबाकूयुक्त फ्लेवर जब्त किए गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजधानी जयपुर में अवैध हुक्का बारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मालवीय नगर स्थित एक क्लब पर छापा मारा। पुलिस ने मौके से हुक्का संचालन में इस्तेमाल होने वाला सामान जब्त कर क्लब मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया।
डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गिरधर मार्ग स्थित क्वीन्स हब क्लब में ग्राहकों को खाने-पीने की व्यवस्था के साथ हुक्का भी परोसा जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने देर रात क्लब में दबिश दी।
छापेमारी के दौरान क्लब के भीतर कुछ युवक हुक्के के जरिए तंबाकूयुक्त फ्लेवर का सेवन करते मिले। पुलिस ने मौके से 3 हुक्के, 17 पाइप, 5 चिलम और विभिन्न प्रकार के फ्लेवर जब्त किए। जांच के दौरान क्लब प्रबंधन से हुक्का संचालन संबंधी वैध अनुमति या लाइसेंस मांगा गया, लेकिन कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए क्लब मैनेजर इरशाद (31), निवासी नूंह (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया। वहीं हुक्का सेवन करते पाए गए दो युवकों के खिलाफ सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा एक्ट) के तहत चालान की कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध रूप से संचालित हुक्का बार, देर रात होने वाली पार्टियों और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था और सार्वजनिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।