जयपुर में एलपीजी संकट गहराया: कॉमर्शियल सिलेंडर सप्लाई बंद, होटल-ढाबा कारोबार पर संकट
जयपुर में एलपीजी सिलेंडर की भारी किल्लत सामने आई है। वितरकों के अनुसार शहर में केवल एक दिन का ही गैस स्टॉक बचा है और सिलेंडर बुकिंग 7 दिनों से लंबित चल रही है। वैश्विक तनाव के बीच सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देते हुए फिलहाल कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई रोक दी है।
विस्तार
जयपुर में एलपीजी सिलेंडर की भारी किल्लत सामने आई है। ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर अब राजस्थान में गैस सप्लाई पर भी पड़ने लगा है। राजधानी जयपुर में स्थिति यह है कि सिलेंडर की बुकिंग 7 दिन से लंबित चल रही है और वितरकों के पास केवल एक दिन का स्टॉक बचा है। हालात बिगड़ते देख कॉमर्शियल सिलेंडरों की डिलीवरी भी फिलहाल बंद कर दी गई है, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों की परेशानी बढ़ गई है। राजस्थान एलपीजी डीलर्स एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष दीपक गहलोत का कहना है कि तेल कंपनियों ने सभी िवतरकों को कमर्शियल सिलेंडर्स की इंडेंट लेने से मना कर दिया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान के एलपीजी वितरकों के पास कमर्शियल सिलेडर का एक दिन का ही स्टॉक होता है। कुछ वितरकों के पास एक से ज्यादा दिन का भी हो सकता है लेकिन इससे ज्यादा नहीं।
सरकार का बयान
सरकार के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने इस मामले में बयान दिया है कि वैश्विव स्थिति को देखते हुए सरकार ने एसेंशियल कमोडिटी एक्ट नोटिफाइ किया है। इसमें तेल कंपनियों को घरेलू गैस की सप्लाई बढ़ाने के लिए कहा गया है और कुछ दिनों के लिए कमर्शियल गैस की आपूर्ति रोकने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य यह है कि घरेलू उपभोक्ताओं को समस्या नहीं आए।
होटल एसोसिएशन का कहना है
राजस्थान होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष हुसैन खान का कहना है कि सरकार के निर्देशों के अनुसार अभी होटल और रेस्टोरेंट को कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई नहीं की जा रही है। उनका कहना है कि यदि यह स्थिति लंबे समय तक बनी रही तो होटल इंडस्ट्री पर गंभीर संकट आ सकता है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि होटल और रेस्टोरेंट में काम करने वाले हजारों कर्मचारियों की रोजी-रोटी को ध्यान में रखते हुए जल्द समाधान निकाला जाए।
यह भी पढें- Rajasthan Assembly: हंगामे और तीखी तकरार के बीच राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र का आज अंतिम दिन, कई अहम बिल पास
गिग वर्कर्स बोले स्थिति खराब होगी
कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई पर पाबंदी के बाद जयपुर में रेस्टोरेंट और छोटे ढाबों के संचालकों की चिंता भी बढ़ गई है। अमर उजाला वरिष्ठ संवादाता अशीष कुलश्रेष्ठ इस मामले में ग्राउंड जीरो पर जाकर पड़ताल की। उनसे बात करते हुए ढाबा संचालकों ने कहा कि उनका कारोबार कमर्शियल सिलेंडर्स पर ही निर्भर है और यदी इसकी सप्लाई नहीं हुई तो उनकी स्थिति खराब हो जाएगी। वहीं रेस्त्रां और ढाबों से घरों तक खाना पहुंचाने वाल गिग वर्कर्स का भी कहना है कि अगर होटल-रेस्त्रां में खाना नहीं बनेगा तो उनका काम भी नहीं चलेगा। उनकी आर्थिक व्यवस्था भी इससे बिगड़ जाएगी।
वितरक बोले घरेलू सप्लाई भी कम
वितरकों का कहना है कि केंद्र सरकार और तेल कंपनियों की ओर से सिलेंडर बुकिंग पर 25 दिन का नियम लागू है। साथ ही दो ट्रक के ऑर्डर देने पर कंपनियों की तरफ से केवल एक ही ट्रक भेजा जा रहा है। इस वजह से सप्लाई में देरी हो रही है और लोगों तक समय पर सिलेंडर पहुंचाना मुश्किल हो रहा है। स्थिति को संभालने के लिए फिलहाल कॉमर्शियल सिलेंडरों की डिलीवरी बंद कर दी गई है और केवल घरेलू उपभोक्ताओं को ही गैस दी जा रही है। वितरकों का यह भी कहना है कि लोगों में डर के कारण कई उपभोक्ता जरूरत से ज्यादा सिलेंडर बुक कर रहे हैं और घरों में स्टॉक जमा कर रहे हैं। इससे भी सप्लाई पर दबाव बढ़ गया है। इसके अलावा मोबाइल के जरिए सिलेंडर बुकिंग भी अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है।