{"_id":"6a31833e1bb79397b102b9dd","slug":"rajasthan-ex-cm-ashok-gehlot-furious-over-removal-of-rahul-gandhi-posters-said-bjp-strangling-democracy-2026-06-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"Rajasthan: राहुल गांधी के पोस्टर हटाने पर भड़के पूर्व सीएम अशोक गहलोत, बोले- लोकतंत्र का गला घोंट रही भाजपा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Rajasthan: राहुल गांधी के पोस्टर हटाने पर भड़के पूर्व सीएम अशोक गहलोत, बोले- लोकतंत्र का गला घोंट रही भाजपा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
Published by: Sourabh Bhatt
Updated Tue, 16 Jun 2026 10:39 PM IST
विज्ञापन
सार
Rajasthan: बूंदी दौरे पर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राहुल गांधी के प्रस्तावित कोटा दौरे और पोस्टर विवाद को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी युवाओं और छात्रों की समस्याओं को समझने के लिए कोटा आ रहे हैं, लेकिन भाजपा उनके बढ़ते प्रभाव से घबराकर पोस्टर हटवा रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत
- फोटो : फाइल फोटो
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
विस्तार
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बूंदी पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए राहुल गांधी के प्रस्तावित कोटा दौरे, छात्रों की समस्याओं और पोस्टर विवाद को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधायक हरिमोहन शर्मा के नेतृत्व में उनका स्वागत किया।
छात्रों और युवाओं के लिए अहम बताया राहुल का कोटा दौरा
मीडिया से बातचीत में गहलोत ने कहा कि 17 जून को राहुल गांधी का कोटा दौरा युवाओं और छात्रों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने कहा कि कोटा देशभर में शिक्षा की राजधानी के रूप में जाना जाता है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में वहां छात्रों की आत्महत्या की घटनाओं ने गंभीर चिंता पैदा की है। ऐसे माहौल में राहुल गांधी छात्रों का मनोबल बढ़ाने और उनकी समस्याओं को समझने के उद्देश्य से कोटा आ रहे हैं। गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी लगातार युवाओं, छात्रों और बेरोजगारों के मुद्दों को उठा रहे हैं। उनके संवाद कार्यक्रम को लेकर छात्रों और युवाओं में उत्साह का माहौल है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं की आवाज को मजबूती देने का काम कर रही है, जबकि भाजपा सरकार उनकी समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
पोस्टर विवाद पर प्रशासन और भाजपा को घेरा
कोटा में राहुल गांधी के कार्यक्रम से जुड़े पोस्टर हटाए जाने के मामले पर गहलोत ने भाजपा और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी राजनीतिक दल के कार्यक्रम के पोस्टर हटाना उचित नहीं है। यह लोकतंत्र की भावना के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन दबाव में काम कर रहा है और अधिकारियों पर तबादले की धमकियां देकर कार्रवाई करवाई जा रही है।
'ओम बिरला को करना चाहिए राहुल गांधी का स्वागत'
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा में राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष हैं और वे कोटा आ रहे हैं, जो लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का संसदीय क्षेत्र भी है। ऐसे में पोस्टर हटाने के बजाय उनका स्वागत किया जाना चाहिए। गहलोत ने कहा कि यह राजनीतिक शिष्टाचार और लोकतांत्रिक परंपराओं का हिस्सा होना चाहिए।
भाजपा पर डर और दबाव की राजनीति का आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के बढ़ते जनसमर्थन और उनके अभियानों से भाजपा घबराई हुई है। इसी कारण विभिन्न स्थानों पर कांग्रेस के कार्यक्रमों को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। गहलोत ने कहा कि पूरे देश में लोकतंत्र पर खतरा मंडरा रहा है और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है।
काउंटर अभियान को बताया राहुल के बढ़ते प्रभाव का नतीजा
भाजपा द्वारा चलाए जा रहे समानांतर कार्यक्रमों पर भी उन्होंने निशाना साधा। गहलोत ने कहा कि कांग्रेस के कार्यक्रमों के जवाब में भाजपा ने काउंटर अभियान शुरू किया है। जोधपुर में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और कोटा में वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र सिंह राठौड़ को सक्रिय किया गया है। उन्होंने कहा कि यह सब राहुल गांधी के बढ़ते प्रभाव का परिणाम है।
ये भी पढ़ें: कोटा में राहुल गांधी की एंट्री से पहले सियासी संग्राम, '19 पेपर लीक' वाले पोस्टरों से मचा बवाल
कोटा दौरे की सफलता का जताया भरोसा
गहलोत ने विश्वास जताया कि राहुल गांधी का कोटा दौरा सफल रहेगा और युवाओं के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने का काम करेगा। बूंदी में उनके आगमन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में नेताओं व समर्थकों ने उनका स्वागत किया।