Rajasthan: कमजोर पड़ा मानसून! भीषण गर्मी और उमस से लोग बेहाल, जानें 28 जुलाई से कब और कहां होगी झमाझम बारिश
राजस्थान में मानसून फिलहाल कमजोर पड़ा है। 26 जुलाई को तीन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। 28 जुलाई से बंगाल की खाड़ी के नए सिस्टम के असर से पूर्वी राजस्थान में बारिश बढ़ने की संभावना है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजस्थान में मानसून का मौजूदा दौर कमजोर पड़ने लगा है। शनिवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने और धूप निकलने से गर्मी व उमस बढ़ गई। हालांकि पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, जालोर, पाली और जोधपुर के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार 26 जुलाई को केवल तीन जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 27 जुलाई को अधिकांश जिलों में मौसम साफ रहने की संभावना है। 28 जुलाई से बंगाल की खाड़ी में बने नए लो-प्रेशर सिस्टम के प्रभाव से पूर्वी राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने की उम्मीद है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि मानसून ट्रफ लाइन अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर खिसक गई है, जिसके कारण पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां फिलहाल कमजोर हुई हैं। बंगाल की खाड़ी में विकसित हुआ नया निम्न दबाव क्षेत्र धीरे-धीरे पश्चिम की ओर बढ़ेगा और इसके असर से 28 जुलाई से राज्य के पूर्वी जिलों में बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है।
पश्चिमी राजस्थान में अच्छी बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक बारिश बाड़मेर जिले के सेड़वा में 90 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा बटाडू में 64 मिमी, कल्याणपुरा में 67 मिमी, नाकौड़ा में 57 मिमी, बायतू में 49 मिमी और चौहटन में 41 मिमी वर्षा हुई। जालोर के रानीवाड़ा में 50 मिमी, भीनमाल में 25 मिमी, पाली के रोहट में 21 मिमी तथा जोधपुर के शेरगढ़ में 38 मिमी और तिंवरी में 18 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। उदयपुर के गोगुंदा और जैसलमेर के कुछ इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई।
यह भी पढें- राजस्थान निकाय चुनाव: हरियाणा-MP में प्रत्यक्ष चुनाव, राजस्थान में BJP का रुख अलग क्यों? विपक्ष ने उठाए सवाल
अधिकांश जिलों में बढ़ी गर्मी और उमस
जयपुर, अजमेर, बीकानेर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के अधिकांश हिस्सों में शनिवार को मौसम साफ रहा। बारिश नहीं होने और बीच-बीच में धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई तथा उमस बढ़ गई। प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान श्रीगंगानगर में 37.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
जयपुर में दिनभर बादल छाए रहने के बावजूद केवल हल्की बूंदाबांदी हुई। अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री और न्यूनतम 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सीकर में भी बारिश कमजोर रही और अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अलवर में दिनभर बादलों और धूप का दौर चलता रहा।