{"_id":"698f4385c045667f120418c4","slug":"neemkathana-tirtha-dham-suitcase-explosion-case-security-agencies-alert-ig-monitoring-for-4-hours-2026-02-13","type":"story","status":"publish","title_hn":"Rajasthan News: तीर्थ धाम सूटकेस धमाका मामले को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, आईजी ने चार घंटे तक की मॉनिटरिंग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Rajasthan News: तीर्थ धाम सूटकेस धमाका मामले को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, आईजी ने चार घंटे तक की मॉनिटरिंग
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोटपूतली-बहरोड़
Published by: कोटपुतली ब्यूरो
Updated Fri, 13 Feb 2026 09:00 PM IST
विज्ञापन
सार
Neemkathana Tirtha Dham Suitcase Explosion Case: कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमकाथाना स्थित गणेश्वर तीर्थ धाम में सूटकेस विस्फोट के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क रहीं। एफएसएल टीम ने दोबारा साक्ष्य जुटाए, आईजी और प्रशासनिक अधिकारियों ने निरीक्षण किया। सावन को देखते हुए सुरक्षा व व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
तीर्थ धाम सूटकेस धमाका मामले को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमकाथाना के प्रसिद्ध गणेश्वर तीर्थ धाम में कुंड पर सूटकेस में हुए धमाके के मामले में शुक्रवार को सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क रहीं। सुबह से ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया, साक्ष्य जुटाए और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। इससे पहले गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे कुंड परिसर में रखे एक सूटकेस में विस्फोट हुआ था, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था।
Trending Videos
आज सुबह फिर जुटी एफएसएल टीम
शुक्रवार सुबह एफएसएल की टीम दोबारा घटनास्थल पर पहुंची और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए। डीएसपी सुशील मान ने धाम परिसर और आसपास के इलाकों की गहन छानबीन की। पुलिस ने कुंड परिसर को एहतियातन खाली रखा और चारों ओर सुरक्षा घेरा बना दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
आईजी ने संभाली कमान
रेंज आईजी राघवेंद्र सुहासा गुरुवार देर रात धाम पहुंचे थे और करीब चार घंटे तक मौके पर डटे रहे। उन्होंने अधिकारियों को हर पहलू से जांच करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न करने के निर्देश दिए। देर रात तक पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां परिसर और आसपास के क्षेत्रों की सघन तलाशी लेती रहीं।
प्रशासनिक अधिकारियों का निरीक्षण
शुक्रवार सुबह 9 बजे एडीएम भागीरथ साख और एसडीएम राजवीर यादव ने भी तीर्थ धाम पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और तीर्थ धाम समिति के अध्यक्ष रविंद्र सिंह से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। साथ ही धाम पर चल रहे जीर्णोद्धार कार्य और सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया।
एडीएम ने बताया कि सावन मास में यहां श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ जाती है, इसलिए पार्किंग और आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पढ़ें- Rajasthan News:नीमकाथाना में सूटकेस में ब्लास्ट, गणेश्वर तीर्थ धाम के कुंड में फेंका गया था; दो संदिग्ध फरार
मजदूरों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ
धाम में जीर्णोद्धार कार्य कर रहे मजदूरों से भी पुलिस ने पूछताछ की है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि विस्फोट से जुड़े किसी भी सुराग तक पहुंचा जा सके।
गुरुवार को क्या हुआ था?
गौरतलब है कि गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे कुंड परिसर में रखे एक सूटकेस में अचानक धमाका हुआ था। घटना के बाद क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया था। हालांकि प्रशासन की तत्परता से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।