Rajasthan Crime: यहां 2.58 करोड़ की कॉपर चोरी का खुलासा, प्रागपुरा पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर मास्टरमाइंड को दबोचा
कोटपूतली-बहरोड़ के प्रागपुरा थाना क्षेत्र में 2.58 करोड़ रुपये के कॉपर चोरी मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी और हिस्ट्रीशीटर मालीराम यादव को गिरफ्तार कर लिया है। तकनीकी साक्ष्यों और 150 सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हाईवे पर रची गई साजिश का पर्दाफाश हुआ।
विस्तार
कोटपूतली-बहरोड़ के प्रागपुरा थाना क्षेत्र में 2 करोड़ 58 लाख 12 हजार 500 रुपये मूल्य के कॉपर चोरी प्रकरण में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी और हिस्ट्रीशीटर मालीराम यादव को गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया सूचना के आधार पर पकड़ा गया।
हाईवे पर रची गई थी साजिश
परिवादी राजेश सिंह के अनुसार 1 जनवरी 2026 को मेहसाणा (गुजरात) से ट्रक नंबर RJ 02 GB 3929 में करीब 2.58 करोड़ रुपये का कॉपर भरकर भिवाड़ी के लिए रवाना किया गया था। 3 जनवरी की रात शाहजहांपुर और बर्डोद टोल से टोल कटने के संदेश मिले, लेकिन इसके बाद चालक अनिल सिंह शेखावत का मोबाइल बंद हो गया।
4 जनवरी को ट्रक प्रागपुरा स्थित ममता होटल के पास खाली अवस्था में मिला। होटल के गार्ड ने बताया कि ट्रक के पीछे आई एक सफेद कार में बैठकर चालक वहां से चला गया। ट्रक से पूरा माल गायब था।
एसपी की मॉनिटरिंग में चला विशेष अभियान
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र कुमार विश्नोई ने विशेष टीम का गठन किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नाजीम अली खान के पर्यवेक्षण तथा वृत्ताधिकारी विराटनगर उमेश निठारवाल के निर्देशन में थाना प्रागपुरा पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
150 सीसीटीवी कैमरों से मिले अहम सुराग
पुलिस टीम ने करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। टोल डेटा, लोकेशन ट्रैकिंग और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर गिरोह की गतिविधियों को ट्रेस किया गया। जांच में सामने आया कि वारदात पूरी तरह योजनाबद्ध थी। इस मामले में पहले ही इरफान, रिंकू बागड़ी और मिन्टू उर्फ सुखबीर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। वारदात में प्रयुक्त कंटेनर HR-55-AY-4639 सहित दोनों वाहन बरामद कर लिए गए हैं।
ये भी पढ़ें- राजस्थान: सवाई मानसिंह अस्पताल में फिर आग, मेडिकल इमरजेंसी के पास इलेक्ट्रिकल पैनल से उठी चिंगारी से बढ़ा खौफ
हिस्ट्रीशीटर निकला मास्टरमाइंड
फरार चल रहा मुख्य आरोपी मालीराम यादव थाना प्रागपुरा का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस के अनुसार उसी ने पूरे नेटवर्क को संगठित कर वारदात को अंजाम दिलाया। लगातार दबिश और खुफिया इनपुट के बाद उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अब चालक की भूमिका तथा गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की संलिप्तता की गहन जांच कर रही है। 2.58 करोड़ रुपये की इस हाई-वैल्यू चोरी का खुलासा जिले की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।