मुरादाबाद: अभिनेत्री अमीषा पटेल के खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी, समन के बाद भी कोर्ट में नहीं हुई हाजिर
फिल्म अभिनेत्री अमीषा पटेल के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है। वह समन भेजने के बावजूद कोर्ट में हाजिर नहीं हो रही थी। अभिनेत्री पर 2017 में शादी समारोह में कार्यक्रम के नाम पर 14.50 लाख रुपये लेने के बाद भी नहीं आने का आरोप है।
विस्तार
फिल्म अभिनेत्री अमीषा पटेल के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है। वह समन भेजने के बावजूद कोर्ट में हाजिर नहीं हो रही थी। अभिनेत्री पर 2017 में शादी समारोह में कार्यक्रम के नाम पर 14.50 लाख रुपये लेने के बाद भी नहीं आने का आरोप है। आयोजक पवन वर्मा ने कोर्ट में मुकदमा दाखिल किया था।
डबल फाटक निवासी एक इवेंट कंपनी के मालिक पवन वर्मा ने बताया कि 16 नवंबर 2017 को आयुष अग्रवाल की शादी में अमीषा पटेल को बुलाया गया था। उन्होंने 14.50 लाख रुपये का अग्रिम भुगतान किया था। शहर के दिल्ली रोड होलीडे रीजेंसी होटल में ठहरने और भोजन की व्यवस्था भी की थी।
फिर भी अभिनेत्री अमीषा पटेल मुंबई से मुरादाबाद नहीं पहुंचीं। बातचीत करने पर उन्होंने पूरी राशि वापस करने का वादा किया था। इस बीच अभिनेत्री की तरफ से 10 लाख रुपये नकद और 4.50 लाख रुपये का चेक दिया गया लेकिन यह बाउंस हो गया था।
इस मामले में पवन वर्मा ने कोर्ट में मुकदमा दायर किया। इस मामले में अतिरिक्त सिविल जज (जूनियर डिवीजन) कोर्ट ने अमीषा पटेल को उपस्थित होने के लिए कई बार समन भेजा था लेकिन वह हाजिर नहीं हुई। अब कोर्ट ने कोर्ट में हाजिर होने के लिए गैर जमानती वारंट जारी कर दिया है। पवन वर्मा का कहना कि अमीषा पटेल न्याय से बचने का प्रयास कर रही हैं।
अमीषा ने पूरी राशि लौटा दी है
अमीषा पटेल के अधिवक्ता अभिषेक शर्मा का कहना कि यह 2017 का पुराना विवाद है। समझौते के बाद अभिनेत्री ने पूरा पैसा वापस लौटा दिया था। पवन वर्मा केस का दुरुपयोग कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि अमीषा पटेल शीघ्र ही कोर्ट में पेश होकर अपना पक्ष प्रस्तुत करेंगी।