Accident Today: कोटपूतली-बहरोड़ में तेज रफ्तार कार ने महिला को कुचला, हुई मौत; पीहर से लौटते वक्त हुआ हादसा
Kotputli-Behror News: कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराना में जयपुर-दिल्ली हाईवे स्थित हीरो चौक पर सड़क पार कर रही महिला को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। हादसे के बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
विस्तार
कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराना कस्बे में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 38 वर्षीय महिला की मौत हो गई। जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित हीरो चौक पर सड़क पार करते समय कार की टक्कर लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
सड़क पार करते समय हुआ हादसा
नीमराना थाना प्रभारी राजेश मीणा ने बताया कि नीमराना निवासी रेखा शर्मा (38) पत्नी योगेश कुमार अपने पीहर बड़ौदामेव से वापस लौटकर हीरो चौक पहुंची थीं। वह जयपुर-दिल्ली मार्ग की ओर जाने के लिए हाईवे पार कर रही थीं। इसी दौरान दिल्ली से जयपुर की तरफ तेज रफ्तार से आ रही कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज कि गंभीर रूप से घायल हुई महिला
टक्कर लगते ही रेखा शर्मा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल महिला को निजी वाहन की मदद से नीमराना के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने कार जब्त कर चालक को लिया हिरासत में
हादसे की सूचना मिलते ही नीमराना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने हादसे में शामिल कार को जब्त कर लिया है। वहीं, कार चालक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
पुलिस ने महिला के शव को नीमराना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
हाईवे पर लगातार हो रहे हादसे
स्थानीय लोगों का कहना है कि हीरो चौक क्षेत्र में अक्सर सड़क हादसे होते रहते हैं। हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों और पर्याप्त ट्रैफिक नियंत्रण की कमी के कारण राहगीरों को सड़क पार करने में भारी परेशानी होती है। लोगों ने प्रशासन से यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और स्पीड कंट्रोल के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.