Nagore Accident: दर्शन के लिए जा रही महिलाओं की कार की पिकअप से भीषण टक्कर, आठ घायल; दो की हालत गंभीर
नागौर के रेण के पास बुटाटी धाम दर्शन के लिए जा रही महिलाओं से भरी कार की तेज रफ्तार पिकअप से आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में 8 लोग घायल हुए, जिनमें 2 महिलाओं की हालत गंभीर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेड़ता सिटी-नागौर रोड पर रेण के पास बुधवार को दर्शन के लिए जा रही महिलाओं से भरी कार और एक तेज रफ्तार पिकअप के बीच आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। हादसे में 8 लोग घायल हो गए, जिनमें दो महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, माणकियावास गांव से महिलाएं संत शिरोमणि चतुरदास जी महाराज के बुटाटी स्थित दरबार में दर्शन के लिए जा रही थीं। इसी दौरान मेड़ता-नागौर रोड पर रेण के निकट सामने से तेज गति से आ रही पिकअप ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
पढ़ें: कब-कब आमने-सामने हुए गहलोत और पायलट, इन बिंदुओं में समझें तकरार की कहानी; कैसे डिप्टी CM से हटे थे?
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने घायलों का उपचार शुरू कर दिया है। गंभीर रूप से घायल दो महिलाओं को बेहतर उपचार के लिए रेफर किए जाने की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पिकअप की तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
घटनास्थल पर पहुंचे विधायक
घटना की सूचना मिलते ही मेड़ता के स्थानीय विधायक लक्ष्मण राम कलेरू मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना, परिजनों को ढांढस बंधाया और अस्पताल प्रशासन को घायलों के बेहतर एवं शीघ्र उपचार के निर्देश दिए।