{"_id":"6a42a9df540f57e3eb003550","slug":"rajasthan-major-twist-in-jagan-gurjar-murder-case-played-ludo-before-cellmate-strangled-him-with-a-towel-2026-06-29","type":"story","status":"publish","title_hn":"Rajasthan News: जगन गुर्जर हत्याकांड में बड़ा खुलासा, बैरक में पहले लूडो खेला, फिर गमछे से गला घोंटकर ली जान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Rajasthan News: जगन गुर्जर हत्याकांड में बड़ा खुलासा, बैरक में पहले लूडो खेला, फिर गमछे से गला घोंटकर ली जान
Mon, 29 Jun 2026 10:52 PM IST
अजमेर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अजमेर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अजमेर
Published by: अजमेर ब्यूरो
Updated Mon, 29 Jun 2026 10:52 PM IST
सार
कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बैरक में उसके साथ बंद हार्डकोर अपराधी विष्णु ने गमछे से गला दबाकर जगन की जान ले ली।
विज्ञापन
गमछे से गला घोंटकर की जगन की हत्या
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजस्थान की हाई सिक्योरिटी सेंट्रल जेल में सोमवार को चंबल के कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भरतपुर के चर्चित कुलदीप जघीना हत्याकांड के आरोपी और हार्डकोर बंदी विष्णु ने गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या की। दोनों एक ही बैरक में बंद थे। पुलिस ने फिलहाल इस वारदात के पीछे किसी गैंगवार से इंकार किया है।
विज्ञापन
अजमेर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि जगन गुर्जर और विष्णु के बीच किसी मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के दौरान विष्णु ने तौलिया से गला घोंटकर जगन की हत्या कर दी। जेल अधीक्षक पारसमल के अनुसार सोमवार सुबह तक दोनों बंदियों का व्यवहार सामान्य था। दोनों ने साथ मिलकर बैरक की सफाई की और कुछ समय तक लूडो भी खेला। दोनों के बीच किसी बड़े विवाद के संकेत नहीं मिले थे। दोपहर करीब तीन बजे चाय वितरण के दौरान जब प्रहरी बैरक में पहुंचा तो जगन बाहर नहीं आया। अंदर जाकर देखा तो वह अचेत अवस्था में पड़ा था। जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है।
विज्ञापन
पूछताछ के दौरान आरोपी विष्णु ने कथित तौर पर हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार हत्या सुबह करीब 11 से दोपहर 3 बजे के बीच हुई। जगन के शरीर पर किसी प्रकार के गंभीर बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की अंतिम पुष्टि होगी। घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन, पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। बैरक को सील कर साक्ष्य जुटाए गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल की मोर्चरी भेजा गया है।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: Rajasthan: कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की हत्या, अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल के बैरक में मिला शव, साथी बंदी पर आरोप
कौन है हत्या का आरोपी विष्णु?
पुलिस के अनुसार आरोपी विष्णु पिछले करीब तीन वर्षों से अजमेर सेंट्रल जेल में बंद है। वह भरतपुर के चर्चित कुलदीप जघीना हत्याकांड का आरोपी है। कुलदीप जघीना की 12 जुलाई 2023 को हरियाणा-राजस्थान सीमा स्थित आमोली टोल प्लाजा के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसी मामले में विष्णु न्यायिक हिरासत में है।
चंबल का कुख्यात डकैत था जगन गुर्जर
धौलपुर-चंबल क्षेत्र का रहने वाला जगन गुर्जर कभी चंबल के सबसे कुख्यात डकैतों में गिना जाता था। उसके खिलाफ राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में हत्या, डकैती, अपहरण, फिरौती और लूट समेत 100 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। इसी वर्ष मार्च में उसे अजमेर की हाई सिक्योरिटी सेंट्रल जेल में शिफ्ट किया गया था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफएसएल रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।