Rajasthan: बुटाटी धाम से लौट रहे परिवार पर टूटा मौत का कहर, एक ही घर के चार लोगों की दर्दनाक मौत
Rajasthan: नागौर जिले के कुचेरा क्षेत्र में रोडवेज बस और कार की आमने-सामने भिड़ंत में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग घायल हो गए। हादसा चकढाणी और पुनास गांव के बीच हुआ।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजस्थान के नागौर जिले में रविवार को बुटाटी धाम की पवित्र यात्रा से लौटते समय भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। कुचेरा थाना क्षेत्र के चकढाणी-पुनास के बीच मेड़ता-नागौर हाईवे पर फालना डिपो की रोडवेज बस (RJ-22-PA-6523) और रावनियाना से बुटाटी जा रही ईको वैन (RJ-54-CA-1541) की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
मेड़ता की मोर्चरी में रखवाए गए शव
हादसे में चार लोगों की जान चली गई। मृतकों में जोधपुर जिले के बोरुंदा थाना क्षेत्र के रावनियाना गांव निवासी गोस्वामी परिवार के सदस्य शामिल हैं। इनमें अमरीश पुरी (28), उमेश पुरी उर्फ आकाश (26), उनकी मां रूकमादेवी (50) और अमरीश की भाभी नीतू (22) शामिल हैं। तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नीतू को रेफर करते समय मेड़ता सिटी अस्पताल में मृत घोषित किया गया। शव कुचेरा और मेड़ता की मोर्चरी में रखवाए गए हैं।
एक ही परिवार के 8 लोग थे वाहन में सवार
परिवार के सभी सदस्य एक ही ईको वैन में सवार थे। हादसे में मृतकों के पिता संतोष पुरी (52), बहू जसौदा (26), पोती मानसी (3 वर्ष) और पोता वेदांश (8 माह) घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज जारी है।
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, ईको वैन चालक ने बस को ओवरटेक करने के दौरान लापरवाही बरती, जिससे वाहन सीधे रोडवेज बस के सामने आ गया और भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि ईको वैन के परखच्चे उड़ गए।
बुटाटी धाम दर्शन से लौट रहा था परिवार
बताया जा रहा है कि गोस्वामी परिवार बुटाटी धाम के दर्शन कर लौट रहा था। हादसे की खबर मिलते ही रावनियाना गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
कुचेरा पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। फॉरेंसिक टीम मौके पर जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में ओवरस्पीडिंग और गलत ओवरटेकिंग को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
मौके पर पहुंचे मेड़ता विधायक लक्ष्मण राम कलरू
मेड़ता विधायक लक्ष्मण राम कलरू घटनास्थल पर पहुंचे और हादसे का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच चकढाणी के पास यह दर्दनाक हादसा हुआ। गाड़ी में गोस्वामी समाज के लोग सवार थे, जो जोधपुर जिले के मादलिया क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। वे बुटाटी धाम जा रहे थे, तभी रोडवेज बस और उनकी गाड़ी की टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। चार घायलों को जोधपुर रेफर किया गया है।
परिजनों ने बताया- दर्शन के लिए निकले थे
मृतकों के परिजन भगवत ने बताया कि परिवार शनिवार सुबह ही बुटाटी धाम के दर्शन के लिए निकला था। हादसे की सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे। पुलिस प्रशासन ने उन्हें बताया कि हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि चार घायल जोधपुर में भर्ती हैं।
ये भी पढ़ें: जन्नत जाने की चाह ने बनाया कातिल; नमाज पढ़ आरोपी ने मासूम को उतारा मौत के घाट, बोला- कुर्बानी दी
पुलिस ने शुरू की जांच
कुचेरा थाने के हेड कांस्टेबल ने बताया कि रोडवेज बस और ईको वैन के बीच टक्कर हुई थी। हादसे में चार लोगों की मौत हुई, जिनमें एक महिला भी शामिल है। तीन शव कुचेरा राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाए गए हैं, जबकि एक शव मेड़ता राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखा गया है। चार घायलों का जोधपुर में इलाज जारी है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।