Sirohi: सिरोही में शराब तस्करी पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, 998 कार्टन जब्त; गुजरात जा रही थी दोनों खेप
सिरोही में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने दो बड़ी कार्रवाई की है। आबूरोड रीको पुलिस ने ट्रक के गुप्त बॉक्स से चंडीगढ़ निर्मित शराब के 503 कार्टन और मंडार पुलिस ने चावल की भूसी के नीचे छिपाए राजस्थान निर्मित शराब व बीयर के 495 कार्टन जब्त किए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सिरोही जिले में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने दो बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 998 कार्टन शराब और बीयर जब्त की है। दोनों मामलों में पुलिस ने एक-एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, शराब की दोनों खेप गुजरात ले जाई जा रही थी, लेकिन नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई होने से तस्कर अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके।
आबूरोड रीको पुलिस थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह चंपावत की अगुवाई में पुलिस टीम ने गुजरात सीमा से सटी मावल चौकी पर नाकाबंदी की थी। इस दौरान राजस्थान से गुजरात की ओर जाने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। पुलिस ने एक ट्रक को रोककर तलाशी ली तो उसमें बनाए गए गुप्त बॉक्स में मिट्टी के नीचे छिपाकर रखी गई चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब के 503 कार्टन मिले।
पुलिस ने शराब और ट्रक को जब्त कर तेतरोल, थाना चितलवाना, जिला जालौर निवासी लाडूराम पुत्र भाखराम विश्नोई को गिरफ्तार कर लिया। आबूरोड रीको पुलिस की शराब तस्करी के खिलाफ पांच दिनों में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है।
पढ़ें: नगर निकाय चुनाव का पूरा शेड्यूल जारी, 9 और 11 सितंबर को वोटिंग; जानें कब होगी मतगणना
चावल की भूसी के नीचे छिपाई थी शराब
दूसरी कार्रवाई मंडार थाना पुलिस ने की। थानाधिकारी प्रवीण आचार्य की अगुवाई में पुलिस टीम ने टोल प्लाजा के पास गुजरात की ओर जा रहे एक ट्रक को रुकवाकर तलाशी ली। ट्रक में चावल की भूसी के प्लास्टिक के कट्टों के नीचे शराब छिपाकर रखी गई थी।
तलाशी के दौरान राजस्थान निर्मित अंग्रेजी शराब और बीयर के 495 कार्टन बरामद हुए। पुलिस ने शराब और ट्रक को जब्त कर माताजी की भाखरी, भिंयाड, थाना शिव, जिला बाड़मेर निवासी रामाराम पुत्र जोगाराम को गिरफ्तार किया।
गुजरात में कहां होनी थी सप्लाई?
पुलिस दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब की दोनों खेप कहां से भरी गई थीं और गुजरात में इन्हें किस स्थान पर सप्लाई किया जाना था। पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।