Himachal: हाईकोर्ट ने सीबीएसई स्कूलों के लिए शिक्षक भर्ती को दी अनुमति, परिणाम घोषित करने पर रोक
प्रदेश हाईकोर्ट ने सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों में पढ़ाने के लिए शिक्षकों की चयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की अनुमति दे दी है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों में पढ़ाने के लिए शिक्षकों की चयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की अनुमति दे दी है। सरकार ने शिक्षकों के लिए टेस्ट अनिवार्य किया है। हिमाचल प्रदेश ज्वाइंट टीचर्स फ्रंट ने इस पर विरोध जताते हुए टेस्ट पर रोक लगाने की मांग की थी। न्यायाधीश विवेक सिंह ठाकुर और रंजन शर्मा की खंडपीठ ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि सरकार और विभाग अनिवार्य टेस्ट के साथ भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ा सकते हैं, लेकिन परिणाम कोर्ट की अनुमति के बिना घोषित नहीं होगा। अदालत इस मामले पर अंतिम सुनवाई 2 अप्रैल को करेगी।
याचिकाकर्ताओं की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि मामले में कुछ नए तथ्य सामने आए हैं, जिनका केस की मेरिट पर सीधा असर पड़ेगा। अदालत ने इन्हें 25 मार्च तक रिकॉर्ड पर रखने के निर्देश दिए हैं। प्रतिवादी राज्य सरकार और अन्य पक्ष को इन नए तथ्यों पर अपना जवाब 31 मार्च तक दाखिल करना होगा। हिमाचल प्रदेश ज्वाइंट टीचर्स फ्रंट की ओर से सरकार के उस आदेश को याचिका के माध्यम से चुनौती दी गई है जिसके तहत सरकार ने राज्य के शिक्षा ढांचे में बड़ा सुधार करते हुए 140 सरकारी स्कूलों में सीबीएसई एक्सीलेंस स्कीम को मंजूरी दी गई है। 19 जनवरी को जारी अधिसूचना के अनुसार, इस योजना का उद्देश्य प्रदेश के चुनिंदा सरकारी स्कूलों में शिक्षा के स्तर को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाना है।
सीबीएसई सब कैडर-2026 के स्क्रीनिंग टेस्ट को लगाए 26 ऑब्जर्वर
उधर, सरकारी सीबीएसई स्कूलों में पढ़ाने के लिए विभिन्न श्रेणियों के 5,623 पदों के लिए सीबीएसई सब कैडर-2026 का स्क्रीनिंग टेस्ट 22 मार्च को होगा। इस स्क्रीनिंग टेस्ट को निष्पक्ष और पूरी पारदर्शिता के साथ करवाए जाने को लेकर 26 ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं। तैनात किए गए इन ऑब्जर्वरों की ड्यूटियां भी जारी कर दी हैं। प्रदेश सरकार ने 145 स्कूलों में शुरू की जाने वाली सीबीएसई की पढ़ाई को लेकर स्क्रीनिंग टेस्ट के लिए 11 से 24 फरवरी तक पात्र शिक्षकों से ऑनलाइन बिना लेट फीस के आवेदन मांगे थे। लेकिन इस दौरान बोर्ड के पास बहुत कम आवेदन पहुंचे थे, जिसके चलते आवेदन करने की तिथि को शिक्षा बोर्ड ने 13 मार्च तक बढ़ाया था। अब शिक्षा बोर्ड के पास फीस सहित अन्य औपचारिकताओं पूर्ण करते हुए 11,290 आवेदन पहुंचे हैं। परीक्षा के लिए शिक्षा बोर्ड ने एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। वहीं स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि सीबीएसई सब कैडर-2026 का स्क्रीनिंग टेस्ट 22 मार्च को 26 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित किया जाएगा। इसके लिए 26 ऑब्जर्वरों को भी तैनात कर दिया है। इन ऑब्जर्वरों की सूची शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड़ कर दी है।