हिमाचल पंचायत चुनाव: इस दिन जारी हो सकता है शेड्यूल, निर्वाचन आयुक्त ने डीसी और एसपी के साथ की वर्चुअल बैठक
राज्य निर्वाचन आयुक्त अनिल खाची ने चुनाव प्रबंधन की समीक्षा के लिए सभी जिलों के उपायुक्तों (डीसी) और पुलिस अधीक्षकों (एसपी) के साथ वर्चुअल बैठक की।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इसी क्रम में राज्य निर्वाचन आयुक्त अनिल खाची ने चुनाव प्रबंधन की समीक्षा के लिए सभी जिलों के उपायुक्तों (डीसी) और पुलिस अधीक्षकों (एसपी) के साथ वर्चुअल बैठक की। बैठक के दौरान राज्य निर्वाचन आयुक्त ने जिलावार चुनाव तैयारियों का फीडबैक लिया। इसमें बैलेट पेपर की छपाई और उपलब्धता, मतदाता सूचियों की स्थिति, मतपेटियों की व्यवस्था, चुनाव ड्यूटी के लिए कर्मचारियों की तैनाती और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई।
बैठक में संकेत दिए गए कि प्रदेश में 20 अप्रैल को पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव का शेड्यूल जारी किया जा सकता है। शेड्यूल जारी होने के साथ ही चुनाव आचार संहिता लागू हो जाएगी, जिसके चलते प्रशासनिक मशीनरी को पूरी तरह सतर्क रहने को कहा गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी व्यवस्थाएं तय समयसीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं। उपायुक्तों ने बैठक में भरोसा दिलाया कि उनके जिलों में चुनाव से संबंधित तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं और शेष कार्य भी जल्द ही पूर्ण कर लिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूचियों के अंतिम प्रकाशन की प्रक्रिया जारी है और किसी भी प्रकार की त्रुटि को दूर करने के लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही चुनाव ड्यूटी में लगाए जाने वाले कर्मचारियों की सूची भी तैयार की जा रही है। पुलिस अधीक्षकों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी तैयारियों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान की जा चुकी है और वहां अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने की योजना बनाई गई है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने सभी अधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आचार संहिता लागू होने के बाद किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदेश में मई के अंत से पहले चुनाव कराए जाने हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव सुरजीत राठौर ने कहा कि उपायुक्तों से चुनाव तैयारियों को लेकर फीडबैक लिया गया है।
80 साल से ज्यादा आयु के बुजुर्ग परिजनों से डलवा सकेंगे वोट
पंचायतों में 80 साल से ज्यादा आयु के बुजुर्ग अपने परिजनों से प्रत्याशियों के लिए वोट डलवा सकेंगे। परिजनों के साथ बुजुर्ग मतदान केंद्रों तक पहुंचेंगे। इसके लिए अलग से कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
