Himachal Weather: हिमाचल में 11 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने के आसार, आज शिमला, सोलन में खूब बरसे बदरिया
हिमाचल प्रदेश में 11 अगस्त तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। लगातार वर्षा से भूस्खलन, फ्लैश फ्लड, जलभराव और यातायात बाधित होने की आशंका है। लोगों और पर्यटकों से खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में मानसून अगले कुछ दिनों तक सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के पूर्वानुमान के अनुसार 6 से 11 अगस्त तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश होगी। इस दौरान कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा दर्ज की जा सकती है। विशेष रूप से कांगड़ा, मंडी, चंबा, सिरमौर और बिलासपुर जिलों में लोगों और पर्यटकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार 6 अगस्त को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा हो सकती है। 7 और 8 अगस्त को भी बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। इसके बाद 9 से 11 अगस्त के बीच फिर से अधिकांश इलाकों में व्यापक वर्षा हो सकती है। इस अवधि में कुछ स्थानों पर अत्यधिक बारिश होने की आशंका भी जताई गई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी लगातार वर्षा का दौर बना रह सकता है।
बढ़ सकता है प्राकृतिक आपदाओं का खतरा
लगातार बारिश के कारण भूस्खलन, मलबा गिरने और अचानक आने वाली बाढ़ (फ्लैश फ्लड) जैसी घटनाओं का जोखिम बढ़ सकता है। नदियों, खड्डों और नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ने की संभावना है, जिससे निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। वहीं, पहाड़ी सड़कों पर फिसलन बढ़ने और दृश्यता कम होने से यातायात भी प्रभावित हो सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। पर्यटकों को भी यात्रा से पहले मौसम की ताजा जानकारी लेने और मौसम खराब होने पर जोखिम वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
गरज-चमक और तेज हवाओं की भी संभावना
6 से 11 अगस्त के दौरान प्रदेश के निचले और मध्य पर्वतीय इलाकों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने जिला प्रशासन को भी संभावित आपदा की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
सोलन में मूसलाधार बारिश, सड़कों पर भरा पानी
सोलन शहर में गुरुवार को पिछले एक घंटे से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। तेज बारिश के चलते शहर की कई सड़कों पर पानी भर गया, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई। बारिश का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों पर पड़ा। स्कूलों की छुट्टी के समय तेज बारिश शुरू होने से विद्यार्थियों को घर पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा। कई बच्चे बारिश थमने का इंतजार करते रहे, जबकि कई अभिभावक स्वयं स्कूल पहुंचकर अपने बच्चों को घर ले गए।
लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई। सड़क पर जमा पानी के चलते वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में मानसून सक्रिय बना हुआ है और आगामी दिनों में भी कई क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।