Himachal Weather: दिसंबर में तापमान के टूट रहे रिकॉर्ड, शिमला में रात का पारा 34 साल बाद सर्वाधिक
दिन के साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राजधानी शिमला में रात का पारा करीब 34 साल बाद सबसे अधिक रहा है।
विस्तार
पहाड़ों पर सर्दी के मौसम में दिन के समय गर्मी का एहसास होने लगा है। दिन के साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राजधानी शिमला में रात का पारा करीब 34 साल बाद सबसे अधिक रहा है। पूरे प्रदेश में लगातार दूसरे दिन शिमला का रात का तापमान सर्वाधिक रहा। इससे पहले साल 1991 में 17 दिसंबर को शिमला का न्यूनतम पारा 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। सोमवार रात को शिमला में न्यूनतम तापमान 11.4 तक पहुंच गया। वहीं सुंदरनगर में 3.4 , भुंतर 2.8, कल्पा 1.8, धर्मशाला 10.0, ऊना 7.0, नाहन 10.3 , पालमपुर 6.0, सोलन 4.0, मनाली 4.5, कांगड़ा 5.0, मंडी 5.6, बिलासुपर 6.0, हमीरपुर 4.7, जुब्बड़हट्टी 10.4, कुफरी 9.7, कुकुमसेरी -5.3 नारकंडा 6.5, रिकांगपिओ 3.9, सेऊबाग 0.8, बरठीं 5.6, पांवटा साहिब 9.0, सराहन 5.6, देहरा गोपीपुर 9.0, ताबो -3.0 नेरी 10.2 और बजाैरा में 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
सोलन में दिसंबर में अब तक का सबसे ज्यादा तापमान दर्ज
प्रदेश के कई इलाकों में दिसंबर में गर्मी का रिकॉर्ड टूट रहा है। सोलन में सोमवार को दिसंबर में अब तक का सबसे ज्यादा तापमान दर्ज किया गया। यहां पारा 28.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इससे पहले सोलन में साल 2016 में सर्वाधिक 28.0 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया था। उधर, शिमला और मनाली में भी नौ साल बाद दिसंबर में सबसे ज्यादा तापमान रिकॉर्ड किया गया। सोमवार को शिमला में अधिकतम तापमान 21.6 रिकॉर्ड किया गया। इससे पूर्व वर्ष 2016 में 22.3 डिग्री तक पारा चढ़ा था। सोमवार को मनाली में भी तापमान 18.4 डिग्री रहा। इससे पहले 2016 में 20 डिग्री रहा था। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के अधिकतम तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है।
बर्फबारी न होने से बढ़ा तापमान: मौसम वैज्ञानिक
मौसम वैज्ञानिक संदीप कुमार ने बताया कि हिमाचल के अधिकांश क्षेत्रों में इन दिनों मौसम शुष्क बना हुआ है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी नहीं होने से मध्य व मैदानी जिलों में ठंडी हवाएं नहीं पहुंच रही है। इस कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई है। आने वाले दिनों में पारा और चढ़ने की संभावना है।
राज्य में इस दिन से बारिश-बर्फबारी के आसार
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पूरे प्रदेश में 19 दिसंबर तक माैसम शुष्क बना रहने का पूर्वानुमान है। लेकिन पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से 21 व 21 दिसंबर को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, लाहाैल-स्पीति व किन्नाैर जिले के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। 22 दिसंबर को माैसम साफ रहने के आसार हैं। वहीं 16 से 18 दिसंबर तक भाखड़ा बांध (बिलासपुर) के जलाशय क्षेत्र के कुछ हिस्सों और उसके आसपास और बल्ह घाटी (मंडी) के कुछ हिस्सों में सुबह या तड़के, और देर रात के घंटों में घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी हुआ है।