सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Shimla News ›   himachal weather rain hailstorm apple crop damage yellow alert june 2026

Himachal Weather: हिमाचल में छह दिन बरसेंगे बादल, 18-19 को अंधड़ का अलर्ट; जानें पूरी अपडेट विस्तार से

अमर उजाला ब्यूरो, शिमला/धर्मशाला। Published by: Ankesh Dogra Updated Tue, 16 Jun 2026 10:28 AM IST
विज्ञापन
सार

हिमाचल प्रदेश में सोमवार को मौसम बदलने से शिमला समेत कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। किन्नौर, चौपाल, रामपुर बुशहर और शिकारी देवी में ओलावृष्टि से सेब, मटर व अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी। मौसम विभाग ने 18 और 19 जून के लिए बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया है। पढ़ें पूरी खबर...

himachal weather rain hailstorm apple crop damage yellow alert june 2026
शिमला में सोमवार को हुई तेज बारिश के दौरान गुजरते लोग। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विज्ञापन

विस्तार

हिमाचल प्रदेश में सोमवार को मौसम बदलने से शिमला समेत प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। किन्नौर, चौपाल और रामपुर बुशहर के कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि ने किसानों और बागवानों की मुश्किलें बढ़ा दीं। शिमला में शाम चार बजे के बाद हुई तेज बारिश से नाले उफान पर आ गए और छुट्टी के बाद घर लौट रहे स्कूली बच्चों को भी बारिश में भीगकर घर पहुंचना पड़ा।

ऊना, हमीरपुर, मंडी और अन्य जिलों में भी बारिश हुई। नादौन में हल्की और शिकारी देवी में भारी ओलावृष्टि हुई। शिकारी देवी में ओलावृष्टि से जमीन पर सफेद चादर बिछ गई। किन्नौर जिले के निचार उपमंडल की रूपी वैली स्थित शिगारचा पंचायत में सोमवार तड़के करीब 10 मिनट तक हुई भीषण ओलावृष्टि ने बागवानों की वर्षों की मेहनत पर पानी फेर दिया। शिगारचा, हुरुवा और डबलिंग गांव सबसे अधिक प्रभावित रहे। भारी ओलों ने तैयार हो रही सेब की फसल को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया। कई पेड़ों से फल झड़ गए, जबकि बचे हुए फलों पर पड़े निशानों से उनकी गुणवत्ता प्रभावित हुई है। सेब के अलावा नाशपाती, अखरोट, राजमा, कोदा, तुलसी और अन्य नकदी फसलें भी चपेट में आ गईं। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रामपुर बुशहर और चौपाल क्षेत्र में भी सोमवार शाम भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। नोग वैली और आसपास के क्षेत्रों में सेब और मटर की फसलों को भारी क्षति पहुंची है। स्थानीय बागवानों के अनुसार इस सीजन में अब तक लगभग 75 प्रतिशत तक सेब की फसल प्रभावित हो चुकी है, जिससे किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं। राजधानी शिमला में शाम के समय हुई तेज बारिश से शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया। सड़क किनारे नाले उफान पर आ गए और यातायात भी प्रभावित हुआ।
 
विज्ञापन

मंडी शहर में सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हुई तेज बारिश ने नगर निकाय और जल निकासी व्यवस्था की तैयारियों की पोल खोल दी। तल्याहड़, दो अंब, टारना, स्कूल बाजार, अस्पताल मार्ग और पैलेस कॉलोनी सहित कई क्षेत्रों से बहकर आया गंदा पानी सकोडी खड्ड में पहुंच गया, जिससे खड्ड का पानी काला पड़ गया और आसपास दुर्गंध फैल गई। आईटीआई चौक के पास नाला अवरुद्ध होने से गंदा पानी पुराने सुकेती पुल तक जमा हो गया। क्षेत्रीय अस्पताल में छत की निकासी पाइप बंद होने के कारण नए और पुराने पर्ची काउंटर परिसर में पानी भर गया। ऊना में दोपहर बाद अचानक बादल छा गए और जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश हुई। 

छह दिन बरसेंगे बादल, 18-19 को अंधड़ का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 16 से 21 जून तक प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हो सकती है। 18 और 19 जून को प्रदेश में बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी हुआ है। विभाग के अनुसार अगले चार से पांच दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।

कहां कितनी बारिश (मिमी)
कुफरी 31
सुंदरनगर 18
शिमला 12
कांगड़ा 11
मंडी  5
नाहन 4
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed