HP Vidhan Sabha: मंदिर न्यास के पैसे के खर्च पर लगी पाबंदियों पर पुनर्विचार याचिका दायर करेगी सरकार
भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि इस बजट को नयना देवी मंदिर न्यास से भी जारी किया जा सकता है। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन शून्यकाल में विधायकों ने कई विषय उठाए।
विस्तार
सरकार के अधिग्रहण वाले मंदिरों के न्यासों के बजट को सिविल कार्यों के लिए खर्च करने पर लगी पाबंदी पर पुनर्विचार याचिका दायर की जाएगी। यह जानकारी देते हुए उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हम रिव्यू पेटिशन में जा रहे हैं। उन्होंने शून्यकाल में यह बात नयना देवी के भाजपा विधायक रणधीर शर्मा की ओर से सीएचसी घवांडल के लिए बजट रिलीज न करने के मुद्दे को उठाने पर कहा। भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि इस बजट को नयना देवी मंदिर न्यास से भी जारी किया जा सकता है। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन शून्यकाल में विधायकों ने कई विषय उठाए। नयना देवी के भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने यह मामला उठाया कि सिविल अस्पताल घवांडल को स्तरोन्नत किया गया है। यहां पर एक बड़ा भवन बनाया जा रहा है, जिसका निर्माण कार्य अधूरा है। वह स्वास्थ्य विभाग से निवेदन करना चाहते हैं कि चार-पांच करोड़ रुपये का बजट ज्यादा नहीं होता है। इसे जारी कर भवन का निर्माण पूरा किया जाए। केंद्रीय मंत्री नड्डा की ओर से घोषित किया गया है कि आईसीयू भी यहां स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि चूंकि यह अस्पताल नयना देवी में आने वाले श्रद्धालुओं को भी स्वास्थ्य सुविधा देता है, इसलिए इसके लिए मंदिर न्यास का भी बजट खर्च किया जा सकता है।
इस पर स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल ने कहा कि इसके लिए जरूरी धनराशि जारी की जाएगी। विधायक रणधीर ने कहा कि हाईकोर्ट ने मंदिरों के श्रद्धालुओं से जुड़ी कई सेवाओं के लिए बजट खर्च करने की बात की है। संभवतया ऐसे में बजट को वहां खर्च किया जा सकता है। वहीं, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहाेत्री ने कहा के हाईकोर्ट ने रोक मंदिर न्यास का बजट खर्च पर रोक लगाई है। हालांकि अगर नयना देवी के श्रद्धालुओं को अस्पताल में सेवाएं मिलती हैं तो अगर फिर भी वहां से कुछ हो सकता है तो इसमें मदद करेंगे। इस मामले को एग्जामिन भी किया जाएगा।
अधिकारियों के खिलाफ करें कार्रवाई : डॉ. जनक राज
शून्यकाल में भरमौर के भाजपा विधायक डॉ. जनक राज ने मामला उठाया कि पांगी घाटी में बिजली की समस्या काफी समय से है। यहां बिजली की लाइनें बिछाने का काम शुरू किया गया है। सरकार के अधीन कार्यरत दो विभाग इस महत्वपूर्ण योजना पर पैसा खर्च कर रहे हैं, पर यह अधर में अटकी है। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करें।
बाहर के लोग का पंजीकरण करें : गांधी
बल्ह के भाजपा विधायक इंद्र सिंह गांधी ने शून्यकाल में मामला उठाया कि कि उनके विधानसभा क्षेत्र में बाहरी समुदाय के लोग बेटियों और बहुओं को भगाकर ले जा रहे हैं। वह मुख्यमंत्री को कहना चाहते हैं कि बाहरी लोगों का पंजीकरण ठीक से हो। चाहे किसी भी समुदाय का कोई व्यक्ति हो, उनका ठीक से ब्योरा होना चाहिए। अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि इसका संज्ञान लिया गया है।
लाहौल-स्पीति की सड़कों को ठीक किया जा रहा : विक्रमादित्य
लाहौल-स्पीति की कांग्रेस विधायक अनुराधा राणा ने कहा कि उनके क्षेत्रों में महत्वपूर्ण सड़कों में हर वर्ष मार्ग अवरुद्ध रहता है। जगह-जगह पर भूस्खलन हो रहे हैं। वहीं, इस पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश में बहुत सी सड़कों को ठीक किया जा रहा है, जो कुल्लू को लाहौल स्पीति से जोड़ती हैं, उन्हें भी दुरुस्त किया जा रहा है।
प्रदूषण पर बोर्ड और विभाग को लिखेंगे : पठानिया
नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा ने कहा कि उनके क्षेत्र में डेढ़ सौ बीघा जमीन में फार्मा यूनिट लगाया गया है। लगभग 25 से 30 गांव इस यूनिट की वजह से दुर्गंध फैलने से परेशानी में हैं। वह यह चाहते हैं कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड इस पर संज्ञान लें। यह बहुत बड़ा प्लांट है। वहीं, स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि सदन इसे गंभीरता से लेगा। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और पर्यावरण विभाग को पत्र लिखा जाएगा।
युवाओं के अधिकारों को छीना जा रहा : जम्वाल
बिलासपुर के भाजपा विधायक त्रिलोक जम्वाल ने सीबीएसई स्कूलों का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि इन स्कूलों के लिए शिक्षकों की भर्ती में युवाओं के अधिकारों को छिना जा रहा है। उन्होंने कहा कि 21 फरवरी अंतिम तिथि है। 25 वर्ष की आयु की शर्त को हटाया जाए। इस पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि यह महत्वपूर्ण मामला है। उन्हें उम्मीद है कि विभाग इस पर जरूरत संज्ञान लेगा।
बच्चों को पीठ में बांधकर आर-पार ले जाना पड़ रहा : रीना
पच्छाद की भाजपा विधायक रीना कश्यप ने मामला उठाया कि भारी बारिश से दीद घालुत पंचायत में देओथल पुल बह गया था। यह पांच-छह पंचायतों को कनेक्ट करता है। उन्होंने कहा कि इस पुल के स्थान पर रस्सी से बच्चों को पीठ में बांधकर आरपार ले जाना पड़ता है। 10 से 15 लाख रुपये में पुल लग सकता है। इसके लिए उचित प्रावधान हो। कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि इस पर कार्रवाई होगी।