HPBOSE 12th Result: 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम पर आया बड़ा अपडेट, स्कूल शिक्षा बोर्ड तैयार
बोर्ड सूत्रों के अनुसार परीक्षा परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम घोषित करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं लेकिन प्रस्तावित राष्ट्रपति के दौरे के चलते रिजल्ट जारी करने की प्रक्रिया को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। अब बोर्ड की ओर से परिणाम मई के पहले सप्ताह में घोषित किए जाने की संभावना जताई जा रही है। बोर्ड सूत्रों के अनुसार परीक्षा परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है और डाटा संकलन और रिजल्ट प्रोसेसिंग का कार्य किया जा रहा है, जोकि अंतिम चरण में है।
12वीं में 81,411 अभ्यर्थी पंजीकृत हुए थे
इसी कारण बोर्ड ने भी समन्वय बनाए रखने के लिए परिणाम घोषित करने की तिथि आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या तकनीकी बाधा न उत्पन्न हो। इस वर्ष 12वीं कक्षा की परीक्षा में कुल 81,411 अभ्यर्थी पंजीकृत हुए थे, जबकि 10वीं कक्षा में 93,564 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी है। दोनों ही कक्षाओं के परिणाम को लेकर छात्रों और अभिभावकों में काफी उत्सुकता बनी हुई है। खासकर 12वीं के विद्यार्थी उच्च शिक्षा और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रवेश की प्रक्रिया को लेकर रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। वहीं इस संदर्भ में शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा का कहना है कि 12वीं कक्षा का परिणाम मई के पहले सप्ताह में घोषित कर दिया जाएगा।
सीसीटीवी फुटेज 2 मई तक करवानी होगी जमा
प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अंतर्गत संचालित हिमाचल प्रदेश स्टेट ओपन स्कूल (एचपीएसओएस) ने अध्ययन केंद्रों की लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया है। बोर्ड प्रशासन ने 8वीं, 10वीं और 12वीं की मार्च सत्र की पर्सनल कॉन्टैक्ट प्रोग्राम (पीसीपी) कक्षाओं से संबंधित विवरण समय पर जमा न करने वाले केंद्रों को अंतिम चेतावनी जारी की है। स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि बोर्ड की ओर से पहले ही स्पष्ट निर्देश दिए थे कि सभी पीसीपी कक्षाएं केवल सीसीटीवी युक्त कक्षाओं में आयोजित की जाएं। साथ ही, कक्षाओं के समापन के बाद 31 मार्च 2026 तक सीसीटीवी रिकॉर्डिंग बोर्ड कार्यालय में अनिवार्य रूप से जमा करवाई जाए। इसके बावजूद कई अध्ययन केंद्र अब तक यह आवश्यक दस्तावेज और रिकॉर्डिंग जमा नहीं कर पाए हैं। उन्होंने कहा कि इस लापरवाही के चलते अग्रिम भुगतान की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। ऐसे में सभी संबंधित अध्ययन केंद्रों को निर्देश दिए हैं कि वे 2 मई 2026 तक ईमेल से पूर्ण विवरण और सीसीटीवी रिकॉर्डिंग अनिवार्य रूप से भेजें। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर दस्तावेज जमा न करने वाले संस्थानों को किसी भी प्रकार का भुगतान नहीं किया जाएगा। इसे अंतिम रिमाइंडर बताते हुए चेतावनी दी गई है कि इसके बाद कोई पत्राचार स्वीकार नहीं किया जाएगा और नियमों के अनुसार एकतरफा कार्रवाई की जाएगी।
