Rajya Sabha election: अनुराग शर्मा पर दांव लगा कांग्रेस ने साधा कांगड़ा-चंबा में क्षेत्रीय और जातीय संतुलन
कांगड़ा के बैजनाथ से इंदु गोस्वामी राज्यसभा सांसद हैं, जिनका टेन्योर पूरा होने जा रहा है। वह ब्राह्मण समुदाय से थीं तो नया उम्मीदवार भी इसी समुदाय से बनाया गया है।
विस्तार
राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने कांगड़ा के बैजनाथ से अनुराग शर्मा को प्रत्याशी बनाकर कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र की राजनीति में क्षेत्रीय और जातीय दोनों ही तरह का संतुलन साधने का प्रयास किया है। कांगड़ा के बैजनाथ से इंदु गोस्वामी राज्यसभा सांसद हैं, जिनका टेन्योर पूरा होने जा रहा है। वह ब्राह्मण समुदाय से थीं तो नया उम्मीदवार भी इसी समुदाय से बनाया गया है। इस संसदीय क्षेत्र से ब्राह्मण समुदाय को मंत्रिमंडल में भी स्थान नहीं मिला है, उसका भी यह तोड़ माना जा रहा है।
कांगड़ा जिले की 15 विधानसभा सीटों में इतनी पर कांग्रेस
कांगड़ा जिले की 15 विधानसभा सीटों में से 10 पर कांग्रेस के विधायक हैं। इनमें चौधरी चंद्र कुमार और यादवेंद्र गोमा को पहले ही मंत्री बनाया जा चुका है। चंद्र कुमार ओबीसी वर्ग से आते हैं, जबकि गोमा अनुसूचित जाति समुदाय का प्रतिनिधित्व करते हैं। इस तरह प्रदेश सरकार इन दोनों वर्गों में संतुलन साधने का प्रयास पहले ही कर चुकी है। कांगड़ा में पहले भी ब्राह्मण समुदाय को प्रदेश सरकार में उचित प्रतिनिधित्व मिलता रहा है।
राजनीतिक दृष्टि से कांगड़ा-चंबा लोकसभा क्षेत्र अहम
विप्लव ठाकुर कांग्रेस की ओर से राज्यसभा सांसद रहती आई हैं। राजनीतिक दृष्टि से कांगड़ा-चंबा लोकसभा क्षेत्र काफी अहम माना जाता है। कांगड़ा की 15 में से 13 विधानसभा सीटें और चंबा की पांच में से चार सीटें इसी संसदीय क्षेत्र में आती हैं, जिसमें ब्राह्मण मतदाताओं की संख्या अच्छी खासी है। वर्तमान में इस क्षेत्र में भाजपा का भी मजबूत प्रतिनिधित्व है। भाजपा ने ब्राह्मण समुदाय से डॉ. राजीव भारद्वाज को लोकसभा सांसद बनाया है। इसके अलावा डॉ. हर्ष महाजन और इंदुबाला गोस्वामी भाजपा की ओर से राज्यसभा सांसद हैं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष के लिए नए चेहरे की तलाश शुरू
अनुराग शर्मा का नाम राज्यसभा प्रत्याशी के रूप में घोषित होने और उनके नामांकन दाखिल करने के बाद कांगड़ा जिला कांग्रेस अध्यक्ष के पद के लिए नए चेहरे की तलाश शुरू हो गई है। अनुराग शर्मा ने जनवरी 2026 में ही जिला कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार संभाला था। अब उनके राज्यसभा जाने की स्थिति में संगठन को कांगड़ा में नए जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी किसी अन्य नेता को सौंपनी होगी।
बैजनाथ को दूसरी बार राज्यसभा सांसद
कांग्रेस ने बैजनाथ के निवासी और जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनुराग शर्मा को राज्यसभा का उम्मीदवार घोषित कर राजनीतिक हलकों में सबको चौंका दिया है। अनुराग शर्मा राज्यसभा पहुंचेंगे तो बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र से लगातार दूसरी बार कोई नेता उच्च सदन में पहुंचेगा। इससे पहले बैजनाथ की स्थायी निवासी इंदु बाला गोस्वामी वर्ष 2020 में भाजपा से राज्यसभा सांसद चुनी गई थीं।
अनुराग शर्मा ने शुरुआत छात्र राजनीति से की
राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले परिवार में जन्मे अनुराग शर्मा ने शुरुआत छात्र राजनीति से की। उन्हें प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के साथ काम करने का अवसर भी मिला। वर्तमान में वर्ष 2023 से वे हिमाचल पथ परिवहन निगम की विजिलेंस एवं प्रिवेंशन कमेटी के सदस्य के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। खेल गतिविधियों में भी सक्रिय हैं। वे बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के निदेशक और अध्यक्ष भी रह चुके हैं। अनुराग शर्मा स्वामी रामानंद ट्रस्ट के सदस्य भी हैं और क्षेत्र में विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
अनुराग शर्मा का परिचय
29 अगस्त 1978 को जन्मे अनुराग शर्मा स्व. प्यारे लाल शर्मा और वीना देवी शर्मा के पुत्र हैं। ग्राम पंचायत बीड़ के निवासी हैं। वह पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह और पूर्व मंत्री पंडित संतराम के करीबी माने जाते थे और लंबे समय तक जिला कांग्रेस कमेटी में कोषाध्यक्ष रहे। जबकि अनुराग शर्मा की गिनती मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के करीबियों में होती है। अनुराग ने वर्ष 1993 को मैट्रिक, 1997 को बारहवीं और 1999 को बीए की पढ़ाई पूरी की।
यहां से शुरू हुआ राजनीतिक सफर
1998 में जीजीडीएसडी कालेज बैजनाथ से एनएसयूआई के कैंपस प्रेजिडेंट, 1996-2001 तक एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव, 2002-2006 तक युवा कांग्रेस के जिला महासचिव, 2007-2012 तक ब्लाक कांग्रेस के महासचिव, 2014 से 2019 तक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त सचिव, 2010-2020 तक बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के निदेशक, 2020-2025 तक बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष, 2013-2017 हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड के निदेशक 2013-2017 हिमाचल प्रदेश युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के सदस्य, 2015-2017 जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस आब्जर्वर रहे, बीड़ को-ऑपरेटिव टी फैक्ट्री के पिछले दो वर्षों से चेयरमैन हैं।