Shimla: पंजाब से शिमला के लिए चिट्टा तस्करी करने के मामलों में तीन सरगना गिरफ्तार, बैंक खातों से खुलासा
पुलिस को नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता मिली है, जिसमे दो मुकदमों में पुलिस की ओर से बैकवर्ड लिंकेज में कार्रवाई करते हुए बाहरी राज्यों से तीन मुख्य चिट्टा सप्लायर सरगनाओं को गिरफ्तार किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शिमला जिले में पंजाब से चल रहे चिट्टा तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में पंजाब से तीन तस्करों (सरगनाओं) को गिरफ्तार किया है। बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ में मिले सबूतों पर पुलिस ने यह कार्रवाई अमल में लाई है। एएसपी अभिषेक ने पत्रकारवार्ता के दौरान बताया कि 18 मई को पुलिस ने संजौली थाना के तहत रवि कुमार उर्फ बंटी निवासी संजौली के कब्जे से करीब 26 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। पुलिस पूछताछ में आरोपी के बैकवर्ड लिंकेज, तकनीकी साक्ष्यों और वित्तीय लेनदेन को लेकर गहनता से जांच की गई। इसमें सामने आया कि आरोपी डेयरी की दुकान चलाता है। इसी आड़ में वह दुकान में आने वाले ग्राहकों से विभिन्न क्यूआर स्कैनर पर पैसे ट्रांसफर करवाता था। इस नकदी का उपयोग नशीले पदार्थों की खरीद के लिए किया जा रहा था जबकि पैसे ट्रांसफर करने वाले ग्राहकों को इसकी कोई जानकारी नहीं थी। जांच में पाया गया कि आरोपी द्वारा यह तरीका नशीले पदार्थों की खरीद से संबंधित डिजिटल ट्रेल को छिपाने के उद्देश्य से अपनाया था।
आगे की जांच में सामने आया कि आरोपी रवि कुमार तरनतारन के एक युवक को नशा तस्करी के लिए यह पैसे भिजवा रहा था जो इसे यह नशा सप्लाई कर रहा था। इन तथ्यों के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चिट्टा तस्कर एवं गिरोह के सरगना शवनदीप निवासी पट्टी, तहसील एवं जिला तरनतारन पंजाब को जंडियाला से गिरफ्तार किया। दूसरा मामला थाना बालूगंज के तहत सामने आया है। इसमें पुलिस ने 18 मई को जय सिंघला निवासी गांव एवं डाकघर बसाल तहसील एवं जिला सोलन के कब्जे से 14 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी का रिमांड लेकर पूछताछ शुरू की। इस दौरान बैकवर्ड लिंकेज और सप्लाई चेन का पता लगाया गया।
आरोपी के बैंक खातों की गहनता से जांच की गई। पूछताछ करने पर पाया कि नशे की इस खेप को भेजने वाला तस्कर मोगा का अमृतपाल है जो इस नेटवर्क को हरियाणा के कुलदीप के साथ चला रहा था। कुलदीप, अमृतपाल के लिए चिट्टे की आपूर्ति करता था। आरोपी अमृतपाल साथी कुलदीप के बैंक खाता में पैसों का भुगतान भी कर रहा था। आरोपी जय सिंघला, अमृतपाल के साथ इंस्टाग्राम के माध्यम से संपर्क में था। पुलिस को बैंक खातों की जांच में लाखों का लेनदेन सामने आया है। इस आधार पर पुलिस ने मुख्य सरगना अमृतपाल निवासी गली नंबर एक गुरु अर्जुन नगर नजदीक काली माता मंदिर थाना सिटी साउथ तहसील एवं जिला मोगा पंजाब और नेटवर्क हैंडलर सरगना आरोपी कुलदीप सिंह निवासी गांव पतेरडी तहसील नारायणगढ़ जिला अंबाला, हरियाणा को अमरावती पिंजौर से गिरफ्तार किया है।
इस साल अब तक 32 गिरफ्तार
पुलिस ने इस साल नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में पंजाब समेत अन्य राज्यों से चल रहे नशा तस्करी के नेटवर्कों पर बड़ी चोट की है। इस साल अभी तक 32 नशा तस्करी के अंतरराज्यीय वह अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को ध्वस्त किया। पांच महीनों में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत 134 मामले दर्ज किए हैं। इन मामलों में 286 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सभी मामलों की गहन जांच और बैकवर्ड लिंकेज के माध्यम से 42 ड्रग सप्लायरों को गिरफ्तार कर चुकी है।