Sindhu Wins Japan Open: सात साल का इंतजार खत्म! सिंधू ने जापान ओपन जीतकर रचा इतिहास, बनीं पहली भारतीय चैंपियन
पीवी सिंधू ने जापान ओपन 2026 के महिला एकल फाइनल में जापान की अकाने यामागुची को 21-17, 21-17 से हराकर खिताब जीत लिया। वह जापान ओपन जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं। सिंधु ने करीब सात साल बाद सुपर-750 स्तर का बड़ा खिताब जीता है और दिसंबर 2024 के बाद यह उनका पहला बीडब्ल्यूएफ टूर खिताब भी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू ने आखिरकार अपने लंबे खिताबी इंतजार को खत्म करते हुए जापान ओपन 2026 का महिला एकल खिताब जीत लिया। टोक्यो में खेले गए बीडब्ल्यूएफ सुपर-750 टूर्नामेंट के फाइनल में सिंधु ने मेजबान जापान की विश्व नंबर-तीन अकाने यामागुची को सीधे गेमों में 21-17, 21-17 से हराकर इतिहास रच दिया। करीब 50 मिनट तक चले मुकाबले में सिंधू ने शुरुआत से अंत तक आक्रामक खेल दिखाया और यामागुची को वापसी का मौका नहीं दिया। इस जीत के साथ वह जापान ओपन का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गईं।
सिंधू के लिए यह जीत कई मायनों में खास रही। उन्होंने दिसंबर 2024 में सैयद मोदी इंटरनेशनल जीतने के बाद पहली बार कोई बीडब्ल्यूएफ टूर खिताब अपने नाम किया। वहीं, अगर सुपर-750 या उससे बड़े स्तर के टूर्नामेंट की बात करें तो सिंधू ने करीब सात साल बाद कोई बड़ा खिताब जीता है। उनका पिछला बड़ा खिताब 2019 विश्व चैंपियनशिप था, जिसमें उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था।
फाइनल का पहला गेम काफी रोमांचक रहा। एक समय स्कोर 17-17 से बराबर था, लेकिन इसके बाद सिंधु ने शानदार आक्रामक खेल दिखाते हुए लगातार चार अंक जीते और गेम 21-17 से अपने नाम कर लिया। निर्णायक क्षणों में उन्होंने यामागुची को कोई मौका नहीं दिया।
दूसरे गेम में सिंधू ने शुरुआत से बढ़त बना ली। उन्होंने 8-3, फिर 14-7 और बाद में 16-12 की बढ़त हासिल कर मुकाबले पर पूरी पकड़ बनाए रखी। उनकी तेज रफ्तार, सटीक स्मैश और डिफेंस से अटैक में शानदार बदलाव के सामने यामागुची लगातार संघर्ष करती नजर आईं। आखिर में सिंधू ने दूसरा गेम भी 21-17 से जीतकर सीधे गेमों में मुकाबला समाप्त कर दिया।
इस पूरे टूर्नामेंट में सिंधू ने शानदार लय दिखाई। उन्होंने सभी मुकाबले सीधे गेमों में जीते और विश्व की शीर्ष खिलाड़ियों को हराते हुए फाइनल तक का सफर तय किया। फाइनल में भी उन्होंने अपनी पुरानी रणनीति और धैर्य के साथ खेलते हुए खिताब अपने नाम कर लिया।
सिंधू और अकाने यामागुची के बीच यह 30वीं भिड़ंत थी। इस जीत के बाद भारतीय स्टार ने हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में अपनी बढ़त और मजबूत कर ली। दोनों खिलाड़ियों के बीच पिछले कुछ वर्षों में कई यादगार मुकाबले हुए हैं, लेकिन इस बार सिंधू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जापानी स्टार को उनके घरेलू दर्शकों के सामने मात दी।